जयपुर में दिवाली से पहले CM भजनलाल शर्मा ने 450 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिवाली से पहले राजधानी जयपुर में 450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समारोह में उन्होंने विभिन्न सड़क, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

219 करोड़ की एलिवेटेड रोड का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने गोपालपुरा बाइपास पर त्रिवेणी नगर आरओबी से गुर्जर की थड़ी तक 2.16 किलोमीटर लंबी और 17.20 मीटर चौड़ी एलिवेटेड रोड की नींव रखी। इस रोड की लागत 219 करोड़ रुपए है। दोनों ओर 10.50 मीटर की सर्विस रोड, 2 मीटर चौड़ा फुटपाथ और ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। यह सड़क फरवरी 2028 तक पूरी होने की उम्मीद है।

यह रोड जयपुर के व्यस्ततम क्षेत्रों जैसे श्याम नगर, वैशाली नगर, चित्रकूट और मानसरोवर को टोंक रोड और जेएलएन मार्ग से जोड़ेगी। त्रिवेणी जंक्शन, 10-बी जंक्शन, रिद्धि-सिद्धि जंक्शन और सोमानी हॉस्पिटल जंक्शन पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने में यह सड़क अहम भूमिका निभाएगी।

तीन नए थानों का वर्चुअल उद्घाटन

जयपुर पुलिस कमिश्ररेट में पत्रकार कॉलोनी, नारायण विहार और खोरा बीसल में तीन नए थाने शुरू किए गए। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल उद्घाटन किया। इन थानों के बाद कमिश्ररेट में कुल थानों की संख्या 68 हो गई है। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि इससे अपराध पर नियंत्रण और महिलाओं व बच्चियों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित होगा। प्रदेश में पहले ही 22 नए थाने बनाए जा चुके हैं और 35 चौकियों को थानों में बदला गया है।

सीवरेज और पानी की कनेक्टिविटी में सुधार

पृथ्वीराज नगर (दक्षिण) में स्वर्ण विहार एसटीपी के तहत जोन-2 और जोन-3 में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। बम्बाला क्षेत्र में मुख्य ट्रंक लाइन का निर्माण होगा। इन परियोजनाओं से कॉलोनियों में सीवरेज और बीसलपुर पानी की कनेक्टिविटी मिलेगी।

अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने सांगानेर में वंदेमातरम सड़क का सुदृढ़ीकरण, अजमेर रोड से जयसिंहपुरा रोड तक ड्रेनेज सिस्टम, इस्कॉन रोड पर मीडियन रेलिंग और इंटरलॉकिंग टाइल्स, मदरामपुरा कच्ची बस्ती में सड़क निर्माण, जेडीए जोन-8 में 200 फीट सेक्टर रोड चौड़ीकरण, पीआरएन साउथ में आंतरिक सड़कों की मरम्मत, गणपतपुरा में सीसी सड़क निर्माण और सांगानेर स्टेडियम से नगर निगम कार्यालय तक 80 फीट सड़क का नवीनीकरण किया।

सांगानेर कोचिंग हब के रूप में उभरेगा

भजनलाल शर्मा ने कहा कि सांगानेर न केवल औद्योगिक क्षेत्र है, बल्कि कोचिंग हब के रूप में भी उभर रहा है। उन्होंने सेवा पखवाड़े के तहत ग्रामीण और शहरी शिविरों, बहनों को इलेक्ट्रिक साइकिल वितरण और बिजली की समस्याओं के समाधान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सांगानेर का प्यार उन्हें ऊर्जा देता है और क्षेत्र की विकास जरूरतों को पूरा करने में कोई कमी नहीं रहने देंगे।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment