राजस्थान में बड़ा फर्जीवाड़ा: नकली दिव्यांग सर्टिफिकेट से नौकरी पाने वाले 24 लोकसेवक बेनकाब

जयपुर। राजस्थान में सरकारी नौकरी पाने के लिए किए गए बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में सामने आया है कि 29 लोकसेवकों में से केवल 5 ही वास्तविक दिव्यांग पाए गए, जबकि बाकी 24 कर्मचारी फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट के सहारे नौकरी कर रहे थे। यह घोटाला करीब 20 साल पुराना है, जिसमें कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल पाए गए हैं।

मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट से हुआ खुलासा

एसओजी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भवानी शंकर मीणा के नेतृत्व में जांच शुरू की और 29 लोकसेवकों का एसएमएस मेडिकल कॉलेज में पुनः मेडिकल करवाया। रिपोर्ट में सामने आया कि 13 श्रव्यबाधित में से सभी अयोग्य, 8 दृष्टिबाधित में से 6 और लोकोमोटर व अन्य दिव्यांगता वाले 8 में से 5 कर्मचारी फर्जी निकले।

RPSC को दिया गया चकमा

यह फर्जीवाड़ा दिव्यांग कोटे के 2 फीसदी आरक्षण का फायदा उठाने के लिए किया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि अभ्यर्थियों ने RPSC जैसे संवैधानिक संस्थान को भी गुमराह कर सरकारी नौकरी हासिल कर ली।

पुराने मामले भी उजागर

अरुण शर्मा, RPSC स्टेनोग्राफर, ने 2018 में 70% दृष्टि दोष का फर्जी प्रमाणपत्र जमा कर नौकरी पाई थी, जबकि 2022 की मेडिकल जांच में उनकी वास्तविक दृष्टि दोष 30% से भी कम पाई गई। अब उनकी नियुक्ति रद्द कर धोखाधड़ी का केस दर्ज हो गया है। शंकर लाल मीणा, पशु चिकित्साधिकारी, 2005 से सेवा में थे। उन्होंने भी फर्जी प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर नौकरी हासिल की थी। अब उनकी सेवा से बर्खास्तगी और कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

अन्य मामलों का भी खुलासा

जैसलमेर के मोहनगढ़ प्राथमिक विद्यालय में अंग्रेज़ी शिक्षिका दामिनी कंव का फर्जी प्रमाणपत्र पकड़ा गया। भरतपुर के बयाना कॉलेज में अंग्रेज़ी लेक्चरर सवाई सिंह गुर्जर के सर्टिफिकेट में मूक और बधिर दोनों लिखा मिला।

67 लोग जांच के दायरे में

अब तक 67 नाम इस फर्जीवाड़े की लिस्ट में सामने आए हैं। इनमें से 31 अभी भी नौकरी कर रहे हैं, जबकि कई लोग गिरफ्तारी के डर से नौकरी छोड़कर भाग गए। एसओजी अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment