बिहार चुनाव 2025: बीजेपी ने बनाई 45 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति, गिरिराज सिंह समेत कई दिग्गज शामिल

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का औपचारिक ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ है, लेकिन सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अपनी चुनाव अभियान समिति का गठन कर दिया। इस समिति में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल समेत कुल 45 नेताओं को शामिल किया गया है।

बीजेपी बिहार की ओर से जारी की गई लिस्ट में कई बड़े नाम हैं जिनमें विजय कुमार सिन्हा, राधा मोहन सिंह, नित्यानंद राय, मंगल पाण्डेय, गोपाल नारायण सिंह, रविशंकर प्रसाद और अश्विनी कुमार चौबे शामिल हैं। पार्टी ने इसका एक्स पोस्ट भी साझा किया है।

प्रभारी और सह-प्रभारी पहले ही घोषित

कुछ दिन पहले ही बीजेपी ने बिहार चुनाव को लेकर अपने प्रभारी और सह-प्रभारी के नाम घोषित किए थे। केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि सीआर पाटिल और केशव प्रसाद मौर्य सह-प्रभारी होंगे।

जल्द हो सकता है चुनाव की तारीखों का ऐलान

चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक, आयोग 6 अक्टूबर के आसपास बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जल्द बिहार दौरे पर आ सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, उनके आने से पहले ही राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बार मुकाबला दिलचस्प

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों पर इस बार मुख्य मुकाबला एनडीए बनाम महागठबंधन के बीच रहने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2020 के चुनाव में एनडीए के साथ रहते हुए जीत दर्ज की थी। अब जबकि नीतीश फिर से एनडीए खेमे में लौट चुके हैं, मुकाबला और भी रोचक हो गया है। चुनाव की घोषणा से पहले ही सभी दल जनता के बीच पहुंचकर प्रचार में जुट गए हैं। इसके साथ ही पार्टियों के बीच बयानबाजी का दौर भी तेज हो गया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment