राजस्थान में तपती गर्मी के बीच मौसम का मिज़ाज अब करवट लेने को तैयार है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में 18 से 21 मई तक के लिए मेघगर्जन, वज्रपात और झोंकेदार हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का दौर
मौसम विभाग की ताज़ा चेतावनी के अनुसार, राज्य के दक्षिणी और पूर्वी जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
18 से 21 मई तक राहत और अलर्ट दोनों
डुंगरपुर, प्रतापगढ़ और राजसमंद जैसे जिलों में 21 मई तक गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। इन जिलों में लगातार चार दिनों तक बादल छाए रहने, मेघगर्जन और आंधी की संभावना है।
19 मई को सबसे व्यापक अलर्ट
19 मई को राजस्थान के सबसे अधिक जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डुंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक और उदयपुर जैसे जिले इस सूची में शामिल हैं। यहां आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।
पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर
जहां एक ओर पूर्वी और दक्षिणी जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, वहीं बाड़मेर, बीकानेर और चूरू जैसे पश्चिमी जिलों में 20 मई तक उष्ण लहर (हीटवेव) जारी रह सकती है। यहां के निवासियों को लू से बचने और पर्याप्त जल सेवन की सलाह दी गई है।
श्रीगंगानगर सबसे गर्म, सिरोही सबसे ठंडा
राज्य में 17 मई को सर्वाधिक तापमान श्रीगंगानगर में 45.9°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं सिरोही में न्यूनतम तापमान 24.8°C दर्ज किया गया। बारिश की बात करें तो राजसमंद के अमेट क्षेत्र में 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
क्या करें, क्या न करें:
-
बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों
-
मोबाइल चार्जिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूरी बनाए रखें
-
तेज हवाओं में घर की खिड़कियां और दरवाजे सुरक्षित रखें
-
हीटवेव प्रभावित क्षेत्रों में धूप में निकलने से बचें, पानी अधिक पिएं
राजस्थान में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज़ से अहम होंगे। प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लोग मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और सुरक्षित रहें।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







