आदर्श नगर में खौफनाक इंतकाम: नाबालिग की हत्या के बाद मेट्रो स्टेशन के पास जलाया शव, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में नाबालिग की हत्या कर शव जलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। Delhi Police ने आजादपुर निवासी गौरव उर्फ कालिया और लाल बाग निवासी विनय को दबोचा है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि हत्या पुराने विवाद का बदला लेने के लिए रची गई साजिश का हिस्सा थी।

मेट्रो स्टेशन के पास मिला जला हुआ शव

एडिशनल सीपी भीष्म सिंह के अनुसार, 12 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे थाना आदर्श नगर को पीसीआर कॉल मिली कि पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक नाबालिग का जला हुआ शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में साफ हुआ कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।

मृतक की पहचान और पुराना विवाद

शव की पहचान अशोक विहार फेज-II के जेलर वाला बाग निवासी विष्णु के रूप में हुई। 16 फरवरी को उसकी बहन रोशनी का बयान दर्ज किया गया। उसने बताया कि अगस्त 2025 में विष्णु दीपक नामक युवक की हत्या के मामले में शामिल था और उसे जुवेनाइल होम भेजा गया था। 31 जनवरी को जमानत पर रिहा होने के बाद से वह तनाव में था और उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। 11 फरवरी को वह घर से निकला और वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद मिला। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 फरवरी को विनय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने गौरव उर्फ कालिया का नाम लिया।

कबूली हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, गौरव मृतक दीपक का पड़ोसी था और उसे अपने चाचा जैसा मानता था। आरोप है कि 11 फरवरी की रात शराब पीने के दौरान विष्णु ने दीपक की हत्या की बात कबूल की और गौरव को भी धमकी दी। इससे आक्रोशित होकर गौरव ने विनय के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने पत्थर से सिर पर वार कर विष्णु की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment