डीडवाना-कुचामन: डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी में व्यापारी रमेश रूलानिया की हत्या ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर वीरेंद्र चारण ने ली है, जो अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर रोहित गोदारा का एक प्रमुख सहयोगी माना जाता है।
घटना के बाद, ‘वीरेंद्र चारण’ नाम की एक सोशल मीडिया आईडी से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि रूलानिया ने चारण को अपमानित किया था और इसी का बदला लेने के लिए यह हत्या की गई। पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में लिखा गया, “हमारे फोन को इग्नोर करने वालों की बारी आएगी, थोड़ा वक्त लग सकता है, लेकिन सबक सिखाया जाएगा।” हालांकि, अभी तक इस पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है।
कौन है वीरेंद्र चारण?
वीरेंद्र चारण राजस्थान के चुरू जिले के बोवासेर चरणान गांव का निवासी है। 1987 में जन्मे चारण का एक लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें हत्या, फिरौती, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चारण ने अपनी पहचान बदलकर फर्जी पासपोर्ट बनवाया और कई देशों की यात्राएं कीं। माना जा रहा है कि वह वर्तमान में भारत से बाहर किसी दूसरे देश में छिपा हुआ है। उसके खिलाफ 14 मई 2024 को इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है।
सुखदेव गोगामेड़ी हत्याकांड में भी आया था नाम
चारण का नाम श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में भी सामने आया था। पुलिस का दावा है कि चारण ने ही दिसंबर 2023 में जयपुर में हुई इस हत्या की साजिश रची थी। इसके अलावा, अन्य कई हत्याओं और फिरौती के मामलों में भी उसके शामिल होने की आशंका जताई गई है।
हत्या के बाद कुचामन में बाजार बंद, तनाव का माहौल
रमेश रूलानिया की हत्या के बाद कुचामन सिटी में तनाव गहरा गया है। गुस्साए व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए कुचामन बंद का आह्वान किया, जिसके चलते शहर के प्राइवेट स्कूल, कॉलेज और अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और वीरेंद्र चारण के नेटवर्क को तहस-नहस करने में जुटी हुई है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








