गहलोत का बड़ा आरोप: बेनीवाल और किरोड़ीलाल पर सरकार गिराने की साजिश का ठीकरा

जयपुर। राजस्थान की राजनीति में फिर से हलचल तेज हो गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने शनिवार सुबह जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा बयान देते हुए आरोप लगाया कि उनकी सरकार को गिराने की साजिश में हनुमान बेनीवाल (Hanuman Beniwal) और किरोड़ी लाल मीणा (Kirodi Lal Meena) शामिल थे। गहलोत ने कहा कि दोनों नेता आपस में दोस्त हैं और उन्होंने मिलकर उनकी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की थी।

गहलोत ने दावा किया कि उस दौरान ये दोनों नेता “हेलीकॉप्टर लेकर राजस्थान में घूम रहे थे” और उनका मकसद सरकार गिराना था। उन्होंने कहा कि इन नेताओं का यह रवैया नया नहीं है, बल्कि पहले से ऐसे प्रयास होते रहे हैं।

‘पैसे लेने की बात क्या राजस्थान में नई है?’

टीवी पर दोनों नेताओं के बीच जारी बयानबाजी पर तंज कसते हुए गहलोत ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि ये किस तरह एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि इससे जनता के बीच क्या संदेश गया होगा? जब उनसे पैसे लेने के आरोपों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने हल्के अंदाज में कहा, “पैसे लेने की बातें तो… क्या नया इतिहास है राजस्थान में?” उन्होंने इस मुद्दे को ज्यादा महत्व न देते हुए कहा कि यह एक अलग चर्चा का विषय है। गहलोत ने जोड़ा कि उनकी सरकार उस समय बच गई, यही सबसे बड़ी बात है।

साल 2020 का ‘मानेसर एपिसोड’

गहलोत के बयान के बाद एक बार फिर 2020 का ‘मानेसर एपिसोड’ चर्चा में आ गया है। जुलाई 2020 में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट अपने समर्थक विधायकों के साथ दिल्ली के पास हरियाणा के मानेसर स्थित गेस्ट हाउस चले गए थे। यह कदम गहलोत सरकार के खिलाफ नाराजगी और कांग्रेस आलाकमान पर दबाव बनाने का तरीका माना गया था। उस समय चर्चाएं तेज थीं कि गहलोत सरकार के पास बहुमत नहीं है और सरकार गिर सकती है। इस दौरान गहलोत ने भी अपने समर्थक विधायकों को होटलों में ठहराकर सरकार बचाने की कोशिश की थी।

करीब एक महीने तक चला यह राजनीतिक संकट आखिरकार कांग्रेस हाईकमान के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ, जब पायलट और उनके समर्थक विधायक वापस लौट आए। इसी के साथ गहलोत सरकार ने संकट से उबरते हुए कार्यकाल पूरा किया।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment