चमोली, उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले में माणा पास के निकट एक बड़ा हिमस्खलन हुआ, जिससे सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप को भारी नुकसान पहुंचा है। इस आपदा में करीब 57 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। अब तक बर्फ में दबे 16 मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
रेस्क्यू अभियान जारी
घटना की जानकारी मिलते ही सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं। तीन मजदूरों को गंभीर अवस्था में सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी हिमपात और बंद रास्तों के कारण राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें भी मौके पर पहुंचने में कठिनाई का सामना कर रही हैं। हनुमान चट्टी से आगे हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “जनपद चमोली में माणा गांव के निकट BRO द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन में कई मजदूरों के दबने की खबर अत्यंत दुःखद है। ITBP, BRO और अन्य बचाव दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। मैं भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं।”
प्रशासन अलर्ट मोड में
चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाधित सड़कों को जल्द से जल्द सुचारू करने और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बदरीनाथ और औली में भारी बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, चमोली जिले में औली, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। औली में हो रही ताजा बर्फबारी से पर्यटक काफी उत्साहित हैं और नेशनल गेम्स की तैयारियों के लिए भी इसे लाभदायक माना जा रहा है।
प्रशासन और राहत टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







