झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शुक्रवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई। सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के जीणी गांव में मामूली विवाद के बाद एक युवक को कार से बेरहमी से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक को कार के नीचे करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे विजय पुत्र सुरेश कुमार (35) अपने चचेरे भाई प्रदीप पुत्र इन्द्र सिंह और गांव के ही मानसिंह पुत्र पोलाराम के साथ निकला था। तीनों ने जीणी स्थित पेट्रोल पंप के पास बैठकर शराब पार्टी की। देर रात करीब 11:15 बजे घर लौटते समय किसी बात को लेकर उनमें मामूली कहासुनी हो गई।
विवाद से खून तक
बात इतनी बढ़ गई कि कार चला रहे प्रदीप ने विजय को टक्कर मार दी। इसके बाद उसने कार विजय के ऊपर चढ़ा दी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि विजय कार के नीचे फंस गया, लेकिन आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दर्दनाक हादसे में विजय की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक विजय के परिवार पर इस घटना से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विजय की 5 साल की बेटी और 11 माह का बेटा है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
इलाके में सनसनी
इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की वजहों को गहराई से खंगाल रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







