सीकर। राजस्थान में सब-इंस्पेक्टर भर्ती 2021 रद्द होने के बाद सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेताओं पर निशाना साधा है। सीकर जिले के भोजासर बड़ा गांव में वीर तेजाजी महाराज के मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बेनीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और पूर्व मंत्री महेश जोशी पर तीखा वार किया।
महेश जोशी को लेकर तीखी टिप्पणी
बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मंत्री महेश जोशी का एक फोटो वायरल हुआ था, जिसमें वे कह रहे थे कि “मैं तो प्राणायाम कर रहा हूं।” अब जेल जाने के बाद कह रहे हैं कि “मैं धार्मिक हो गया हूं।” इस पर बेनीवाल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जेल में तो हर कोई धार्मिक हो जाता है। कितना ही बड़ा नेता क्यों न हो, जेल में जाकर सब अपनी औकात में आ ही जाते हैं।
पायलट और वसुंधरा पर तंज
बेनीवाल ने सचिन पायलट को लेकर भी पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि एक बार गुर्जर आंदोलन के दौरान पायलट को भी जेल जाना पड़ा था। शेखावाटी-मारवाड़ के लोगों ने उन्हें चादर लेकर सोने की सलाह दी थी। पायलट ने एक घंटे तक तो सोने की कोशिश की, लेकिन मच्छरों के काटने पर उन्होंने वसुंधरा राजे को फोन करने को कहा। बेनीवाल ने व्यंग्य करते हुए कहा कि वसुंधरा तो इंतजार में ही थीं कि पायलट का फोन आए। बाद में उन्होंने ही पायलट को छुड़वाकर दिल्ली भेजा।
“कांग्रेस के बुरे कर्मों की सजा जनता को मिली”
बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस के बुरे कर्मों की सजा लोगों को मिली है। उन्होंने दावा किया कि वसुंधरा राजे की दादागिरी का विरोध करने के चक्कर में ऐसे नेता सामने आए, जिन्होंने राजस्थान की राजनीति को नुकसान पहुंचाया। बेनीवाल ने कहा, “अगर मुझे मंत्री बनना होता तो समझौता करके मंत्री बन जाता, लेकिन मैं अपने दम पर ही राजनीति करूंगा।”
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







