आईपीएल ऑक्शन के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारों विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी बीच IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने दोनों दिग्गजों को लेकर बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। विमल कुमार के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान धूमल ने कहा कि अगर कोहली और रोहित इसी तरह अपनी फिटनेस और प्रदर्शन बनाए रखते हैं, तो 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना उनके लिए बिल्कुल संभव है।
अरुण धूमल ने रिटायरमेंट को लेकर फैल रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इन खबरों का बीसीसीआई से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “ये सारी बातें मीडिया और लोगों द्वारा फैलाई गई हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने खुद T20I और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला किया है। वे अब भी वनडे क्रिकेट के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं। उनके मिशन और मोटिवेशन को लेकर किसी तरह का शक नहीं होना चाहिए।”
IPL चेयरमैन ने दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई कभी भी कोहली या रोहित को जल्दी रिटायरमेंट के लिए मजबूर करने के बारे में सोच भी नहीं सकता। “वे दोनों ‘लिविंग लेजेंड्स’ हैं। इस समय वे शानदार फॉर्म में हैं और उनकी फिटनेस कमाल की है,” धूमल ने कहा।
अरुण धूमल ने आगे कहा कि जब तक खिलाड़ी फिट हैं और मैदान पर प्रदर्शन कर रहे हैं, तब तक उन्हें टीम से बाहर करने का सवाल ही नहीं उठता।
“जब तक वे खेलने के लिए फिट हैं और परफॉर्म कर रहे हैं, कोई भी उन्हें रोकने के बारे में सोच नहीं सकता। विराट कोहली जिस स्तर की फिटनेस दिखा रहे हैं, वह प्रेरणादायक है। मुझे लगता है कि उन्हें वही रास्ता अपनाना चाहिए, जैसा सचिन तेंदुलकर ने 2011 वर्ल्ड कप में किया था। यही बात रोहित शर्मा पर भी लागू होती है, वह भी शानदार खिलाड़ी हैं।” कोहली और रोहित के फैसलों में दखल न देने की बात करते हुए धूमल ने कहा कि चयन और भविष्य को लेकर अंतिम फैसला खिलाड़ियों का ही होना चाहिए। “जब तक वे खुद यह नहीं कहते कि वे खेलने के लिए फिट नहीं हैं, तब तक किसी को भी उनके फैसलों में दखल नहीं देना चाहिए। अगर वे मैदान पर प्रदर्शन कर रहे हैं, तो कोई सवाल नहीं उठना चाहिए,” उन्होंने कहा।
गौरतलब है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। जनवरी में प्रस्तावित इस सीरीज पर क्रिकेट फैंस की खास नजर रहेगी, जहां दोनों दिग्गज एक बार फिर नीली जर्सी में नजर आएंगे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







