आईपीएल क्रिकेटर शिवालिक शर्मा दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार, जोधपुर पुलिस ने वडोदरा से किया गिरफ्तार

जोधपुर, 5 मई 2025 – आईपीएल फ्रेंचाइज़ी मुंबई इंडियंस के पूर्व खिलाड़ी शिवालिक शर्मा को जोधपुर पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप में गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया है। कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर यह गिरफ्तारी की गई है।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शिवालिक ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से मुकर गया। मामला 2 जनवरी 2024 को दर्ज हुआ था। युवती ने बताया कि फरवरी 2023 में उसकी मुलाकात वडोदरा में शिवालिक से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच करीबी बढ़ी। अगस्त 2023 में दोनों की सगाई भी हुई थी।

शिकायत के अनुसार, 27 मई 2023 को शिवालिक जोधपुर में युवती के घर आया, जहां उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह 3 जून तक वहीं रुका और कई बार दुष्कर्म किया। युवती ने यह भी बताया कि शिवालिक उसे मेहंदीपुर बालाजी, जयपुर और उज्जैन भी घुमाने ले गया और इन स्थानों पर भी शादी का वादा कर यौन संबंध बनाए।

लेकिन जून 2023 में जब युवती शादी की बात करने वडोदरा गई, तो शिवालिक के परिजनों ने सगाई तोड़ दी और उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसके साथ धक्का-मुक्की भी की गई। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया और धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी दर्ज करवाए हैं। अब पुलिस इस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

कौन हैं शिवालिक शर्मा?

शिवालिक शर्मा, 28 नवंबर 1998 को वडोदरा में जन्मे एक उभरते क्रिकेटर रहे हैं। उन्होंने 2016 में बीनू अंडर-19 ट्रॉफी से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2018-19 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने बड़ौदा की ओर से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया।

आईपीएल 2024 सीजन में उन्हें मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन हाल में उन्हें रिलीज कर दिया गया था और वह क्रिकेट से दूरी बनाए हुए थे। अब उनके ऊपर लगे बलात्कार के आरोप ने उनके करियर और छवि पर गहरा प्रभाव डाला है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment