iQOO Z11 जल्द होगा लॉन्च, 9020mAh बैटरी और 165Hz गेमिंग डिस्प्ले के साथ आएगा नया स्मार्टफोन

स्मार्टफोन ब्रांड iQOO जल्द ही अपना नया स्मार्टफोन iQOO Z11 लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। आधिकारिक लॉन्च से पहले कंपनी ने इस फोन का टीजर जारी किया है, जिससे इसके कई अहम फीचर्स सामने आए हैं। कंपनी ने पुष्टि की है कि इस स्मार्टफोन में 9020mAh की बड़ी बैटरी और 165Hz रिफ्रेश रेट वाली गेमिंग डिस्प्ले दी जाएगी। बताया जा रहा है कि यह iQOO के किसी भी स्मार्टफोन में दी जाने वाली अब तक की सबसे बड़ी बैटरी होगी। यह जानकारी iQOO के प्रोडक्ट मैनेजर Jing Cheng ने कंपनी के 7वें स्थापना दिवस इवेंट के दौरान साझा की।

संभावित कीमत

कीमत की बात करें तो जिंग चेंग के अनुसार यह स्मार्टफोन 2,000 से 3,000 युआन (करीब 26,600 से 40,000 रुपये) के प्राइस रेंज में लॉन्च हो सकता है। इस सेगमेंट में इसका मुकाबला Realme P4 Power जैसे स्मार्टफोन से हो सकता है, जिसमें 10,001mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक iQOO Z11 को इसी महीने के आखिर में लॉन्च किया जा सकता है।

सर्टिफिकेशन साइट पर भी हुआ स्पॉट

हाल ही में iQOO Z11 को मॉडल नंबर I2512 के साथ मलेशिया के SIRIM सर्टिफिकेशन डेटाबेस में देखा गया है। इस लिस्टिंग से संकेत मिलता है कि यह फोन iQOO Z11 5G हो सकता है। इसके अलावा यह स्मार्टफोन IMEI डेटाबेस में भी नजर आया था। वहीं चीन में मॉडल नंबर V2551A और V2547A वाले दो Vivo स्मार्टफोन 3C सर्टिफिकेशन प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुए हैं, जिनमें से एक iQOO Z11 होने की संभावना जताई जा रही है। लिस्टिंग के अनुसार फोन में 90W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है और इसके साथ 90W का चार्जिंग एडॉप्टर भी दिया जा सकता है।

संभावित स्पेसिफिकेशन्स

लीक्स के मुताबिक iQOO Z11 में 1.5K LTPS डिस्प्ले दी जा सकती है, हालांकि स्क्रीन का सटीक साइज अभी सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि यह स्मार्टफोन मिड-रेंज प्रोसेसर के साथ आ सकता है, लेकिन फिलहाल चिपसेट की जानकारी सामने नहीं आई है। पिछले साल लॉन्च हुए iQOO Z10 में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी भारत में 12 मार्च को iQOO Z11x भी लॉन्च कर सकती है, जिसमें 7,200mAh की दमदार बैटरी मिलने की संभावना है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment