Iran और Israel के बीच जारी युद्ध के बीच तनाव और बढ़ता जा रहा है। ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स यानी Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu को लेकर कड़ा बयान जारी किया है। IRGC के प्रवक्ता Ebrahim Zolfaghari ने कहा कि अगर नेतन्याहू अभी भी जिंदा हैं तो ईरान उन्हें छोड़ने वाला नहीं है और उन्हें खत्म करने के लिए पूरी ताकत लगा देगा। उनका यह बयान उस वक्त आया है जब कुछ समय पहले IRGC ने दावा किया था कि नेतन्याहू को मार दिया गया है, लेकिन इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस दावे को अफवाह बताते हुए खारिज कर दिया।
वीडियो से शुरू हुआ विवाद
यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब नेतन्याहू के आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं। इसके बाद यह अफवाह फैलने लगी कि वीडियो फर्जी है या फिर AI से बनाया गया है और संभवतः नेतन्याहू की हत्या हो चुकी है। हालांकि X के AI चैटबॉट Grok AI ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो में किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। छह उंगलियां दिखाई देना सिर्फ एक विजुअल इल्यूजन है।
युद्ध कैसे शुरू हुआ
रिपोर्ट्स के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को United States और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया। अमेरिका ने इसे Operation Epic Fury और इजरायल ने Operation Roaring Lion नाम दिया। इन हमलों में ईरान के कई सैन्य ठिकानों, मिसाइल बेस, एयर डिफेंस सिस्टम और न्यूक्लियर साइट्स को निशाना बनाया गया। ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की मौत की खबर भी इन्हीं हमलों के बाद सामने आई थी।
ईरान का पलटवार
इसके जवाब में ईरान ने इजरायल पर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इसके अलावा अमेरिका के सहयोगी देशों में मौजूद सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। इनमें बहरीन, कतर, यूएई, सऊदी अरब, जॉर्डन और इराक में मौजूद अमेरिकी बेस शामिल बताए जा रहे हैं। युद्ध के बीच ईरान ने Strait of Hormuz में भी तनाव की स्थिति पैदा कर दी है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति और अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस टकराव को लेकर दुनिया भर के देश चिंतित हैं और कूटनीतिक स्तर पर तनाव कम करने की कोशिशें भी जारी हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







