बिहार के बेगूसराय में JDU नेता की गोली मारकर हत्या, रात में सोते समय घर में घुसे बदमाश

बिहार के बेगूसराय ज़िले से एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीरनगर गांव (वार्ड-10) में बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने JDU के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष और हाल ही में चुने गए पंचायत अध्यक्ष नीलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। 37 वर्षीय नीलेश अपने घर में सो रहे थे, तभी हथियारबंद अपराधी अचानक उनके कमरे में घुस गए और गोलियों से छलनी कर फरार हो गए।

सोते हुए किया हमला, तीन गोलियां लगीं
परिवार के अनुसार, नीलेश रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने डेरा पर सोने चले गए थे। रात में करीब नौ बदमाश वहां पहुंचे और उन पर एक साथ फायरिंग शुरू कर दी। नीलेश को छाती, गर्दन और आंख के पास तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे।

पुलिस ने शुरू की जांच, एक संदिग्ध हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर छौड़ाही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और FSL टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतक के पिता ने लिए चार नाम
नीलेश के पिता रामबली महतो ने बताया कि उनका बेटा हाल के विधानसभा चुनावों में काफी सक्रिय था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि पहले कुछ ग्रामीणों के साथ जमीन विवाद जरूर था, लेकिन वह अब शांत हो चुका था। पिता के अनुसार, हमला करने वाले नौ लोगों में से वे बृजेश कुमार, जयप्रकाश महतो, राजेश और रामप्रवेश को पहचानते हैं।

गांव में आक्रोश, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की लापरवाही पर नाराज़गी जताई और कहा कि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर पुलिस नियंत्रण नहीं कर पा रही है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment