झालावाड़। जिले के बहुचर्चित रेणु उर्फ निमंता हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। मृतका के पति और मुख्य आरोपी देवीकृपाल उर्फ डेविड ने पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद फरारी के दौरान कई होटलों में ठहरकर अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध बनाए। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से कई लड़कियों की तस्वीरें और चैट भी मिली हैं, जिसने इस मामले को और सनसनीखेज बना दिया है।
करीब पांच महीने की लंबी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को कोटा के आरकेपुरम इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने कार से पुलिस वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। मामले में आरोपी का भांजा कोमल मीणा और एक अन्य सहयोगी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
19 चोटों ने खोली हत्या की सच्चाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, शुरुआत में इस घटना को सीढ़ियों से गिरने का हादसा बताया गया था। लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और एफएसएल जांच के आधार पर मामला हत्या का निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर 19 गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई थी।
अवैध संबंध बने हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था। मृतका ने इस बारे में अपने ससुराल पक्ष को भी बताया था, जिससे तनाव और बढ़ गया। इसी के चलते आरोपी ने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी।
फरारी के दौरान भी नहीं बदली हरकतें
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि हत्या के बाद भी वह होटलों में जाकर महिलाओं के साथ संबंध बनाता रहा। पुलिस को उसके मोबाइल से कई संदिग्ध चैट और तस्वीरें मिली हैं, जो उसकी गतिविधियों की पुष्टि करती हैं।
ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
जांच में सामने आया कि 6 नवंबर 2025 की रात आरोपी ने अपने भांजे के साथ होटल में शराब पार्टी की थी। इसके बाद तड़के करीब 2 बजे वह होटल से निकला और सुबह 5 बजे के करीब रेणु को कार से अकलेरा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए और अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था और 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आखिरकार पांच महीने की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।






