जोधपुर: लंबे इंतजार के बाद जोधपुर से दिल्ली कैंट तक चलने वाली बहुप्रतीक्षित वंदे भारत सेमी हाई स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार को पटरी पर उतर गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांसवाड़ा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं, जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में ट्रेन को उद्घाटन फेरे के लिए रवाना किया गया। ट्रेन को दोपहर 2:30 बजे रवाना किया जाना था, लेकिन तकनीकी कारणों से यह लगभग एक घंटे देरी से शाम 3:30 बजे जोधपुर से रवाना हुई। उद्घाटन यात्रा में 200 से अधिक यात्रियों ने सफर किया।
ट्रेन का रूट और समय
वरिष्ठ डीसीएम विकास खेड़ा के अनुसार, गाड़ी संख्या 04861 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत उद्घाटन स्पेशल गुरुवार को जोधपुर से रवाना होकर शाम 7:05 बजे जयपुर पहुंचेगी और 7:10 बजे जयपुर से आगे रवाना होगी। यह ट्रेन रात 11:10 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। मार्ग में इसका ठहराव मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुड़गांव स्टेशनों पर होगा। ट्रेन का नियमित संचालन 27 सितंबर से शुरू होगा और यह सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) चलेगी।
दो साल बाद दूसरी वंदे भारत
जोधपुर मंडल से यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन है। इससे पहले जोधपुर से साबरमती के बीच पहली वंदे भारत एक्सप्रेस 7 जुलाई 2023 से शुरू हुई थी। नई ट्रेन में कुल 7 वातानुकूलित चेयर कार और 1 एग्जीक्यूटिव चेयर कार है। इस बार ट्रेन को पारंपरिक सफेद की बजाय केसरिया रंग दिया गया है।
यात्रियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था
ट्रेन में यात्रियों को नाश्ते के साथ लंच भी दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी IRCTC को सौंपी गई है।
-
ब्रेकफास्ट: उपमा, बेसन का चिला, बिस्किट आदि।
-
लंच (शाकाहारी): चावल, दाल, परांठा, पनीर की सब्जी, मिक्स वेज, गट्टे की सब्जी।
-
लंच (नॉनवेज): ऑर्डर करने पर नॉनवेज विकल्प उपलब्ध।
सभी यात्रियों को पैकेज्ड पानी की बोतल दी जाएगी।
पहले हुआ था सफल ट्रायल
गौरतलब है कि सोमवार को इस ट्रेन का जोधपुर से नावां सिटी तक स्पीड ट्रायल हुआ था। ट्रेन ने 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ लगाई और सफल ट्रायल पूरा किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उद्घाटन समारोह में कहा, “आपकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी कर दी गई है। अब आप पुणे, चेन्नई और हैदराबाद के लिए रोजाना ट्रेन सेवा के साथ वंदे भारत का भी आनंद उठाएं।” जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से राजस्थान के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का नया विकल्प मिल गया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







