राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर बड़ा हादसा: पुलिस बस और ट्रक की भिड़ंत, कई जवान घायल

नागौर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कालाखोह बस स्टैंड के पास पुलिस जवानों से भरी एक बस ट्रक से जा टकराई। हादसे में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में पुलिस सुरक्षा घेरे में ले जाया जा रहा हार्डकोर अपराधी भी चोटिल हुआ है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, दो पुलिसकर्मियों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह बस नागौर जिले के परबतसर से धौलपुर जा रही थी और इसमें पुलिसकर्मी हार्डकोर अपराधी धर्मेन्द्र उर्फ लुक्का को कड़ी सुरक्षा में ले जा रहे थे। सुबह करीब 9:30 बजे कालाखोह स्थित उम्मेद लेक पैलेस के पास अचानक सामने चल रहे ट्रक से बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जवानों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस के अंदर घायल जवान खून से लथपथ हालत में फंसे हुए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

इस हादसे में एएसआई भंवर सिंह, संदीप, ईश्वर दयाल, धर्मेंद्र कांस्टेबल, शशी, राजेश और धीरज समेत कुल 8 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से एएसआई भंवर सिंह और संदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उन्नत इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। वहीं, धर्मेन्द्र उर्फ लुक्का अपराधी भी चोटिल हुआ है, जिसकी स्थिति की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ट्रैफिक को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने को भी हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment