झुंझुनूं जिले के पातुसरी गांव में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। जैसे ही अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अपने आंकड़े प्रस्तुत करेगा और निर्वाचन आयोग मतदाता सूची तैयार करेगा, उसी वक्त “एक राज्य-एक चुनाव” की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। मंत्री खर्रा लांस नायक रामकरण सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस पर तीखा हमला
कांग्रेस को घेरते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि “वोट चोरी कांग्रेस के खून में रची-बसी है। जनता अब उनकी नीतियों से भलीभांति परिचित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है, जबकि कांग्रेस का नारा जनता को गुमराह नहीं कर पाएगा।”
झालावाड़ हादसे पर जताई चिंता
झालावाड़ में स्कूल भवन ढहने की घटना पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। मंत्री ने कहा कि यह प्रकृति जनक हादसा जरूर था, लेकिन इसमें विद्यालय प्रशासन की लापरवाही भी जिम्मेदार रही। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने हादसे के बाद सभी जर्जर स्कूल और विभागीय भवनों की मरम्मत व जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
शहीद की प्रतिमा का अनावरण
मंत्री खर्रा ने वीर लांस नायक रामकरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र भांबू, सैनिक कल्याण बोर्ड चेयरमैन प्रेम सिंह बाजौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, पूर्व सैनिक और महिलाएं मौजूद रहीं। समारोह में चार वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि पातुसरी की वीर भूमि हमेशा बलिदान और देशभक्ति की मिसाल रही है। लांस नायक रामकरण सिंह को उनकी वीरता के लिए सेना मेडल से सम्मानित किया गया था।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







