नई दिल्ली। केंद्र सरकार रक्षाबंधन से पहले देशभर के करीब एक करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सौगात दे सकती है। जुलाई 2025 के लिए महंगाई भत्ते (DA) में संभावित बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को इस बार 3 प्रतिशत तक की राहत मिल सकती है। सरकार ने पिछली बार मार्च 2025 में DA को 2% बढ़ाकर 55% किया था। अब अनुमान लगाया जा रहा है कि जुलाई में यह बढ़कर 58% तक पहुंच सकता है।
अक्टूबर से सैलरी में दिखेगा असर
सूत्रों के अनुसार, बढ़ा हुआ DA अक्टूबर 2025 से सैलरी में जुड़ सकता है। यह बढ़ोतरी त्योहारों से पहले कर्मचारियों को बड़ी राहत देगी। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस पर मुहर लग सकती है।
कैसे तय होता है DA?
महंगाई भत्ते की गणना CPI-IW (कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स) के आंकड़ों के आधार पर होती है, जिसे श्रम मंत्रालय का लेबर ब्यूरो जारी करता है। सरकार पिछले 12 महीनों के CPI औसत को एक तय फॉर्मूले में लगाकर DA निर्धारित करती है। इस बार जुलाई 2025 का औसत CPI-IW आंकड़ा 143.3 रहा है, जिसके आधार पर नया DA 58% तक जा सकता है।
कितना बढ़ेगा वेतन – एक उदाहरण
अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹25,000 है, तो वर्तमान में उसे 55% DA के अनुसार ₹13,750 मिल रहे हैं। DA 58% होने पर उसे ₹14,500 मिलेंगे यानी सैलरी में ₹750 की सीधी बढ़ोतरी होगी।
7वें वेतन आयोग की अंतिम बढ़ोतरी
जुलाई 2025 की यह DA बढ़ोतरी 7वें वेतन आयोग के तहत अंतिम संशोधन मानी जा रही है। 7वां वेतन आयोग जनवरी 2016 में लागू हुआ था और इसका कार्यकाल दिसंबर 2025 तक है। इसके बाद 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने की संभावना है।
क्या है 8वें वेतन आयोग का अपडेट?
फिलहाल सरकार ने 8वें वेतन आयोग को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है और न ही चेयरमैन या मेंबर्स की नियुक्ति की गई है। कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगें सरकार को सौंप दी हैं। माना जा रहा है कि जनवरी 2026 से नया वेतन आयोग लागू हो सकता है। हालांकि, 14% तक ही सैलरी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, जो पिछली बार की 2.57 गुना बढ़ोतरी की तुलना में काफी कम होगी।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।