Nagaur News: डेगाना सर्राफा बाजार में अजीबो-गरीब चोरी, कबूतर उड़ा ले गया 7 ग्राम सोने की चेन

राजस्थान के नागौर जिले के डेगाना कस्बे में गुरुवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे सर्राफा बाजार में सनसनी फैला दी। यहां एक कबूतर ज्वैलरी की दुकान में बन रही करीब 7 ग्राम सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया। चोरी हुई इस चेन की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

आभूषण बनाते समय हुआ घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, डेगाना के सर्राफा बाजार स्थित रामेश्वर प्लाजा में एक ज्वैलरी शॉप के ऊपर बनी कार्यशाला में कारीगर सामीन बंगाली गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सोने की चेन बनाने का काम कर रहा था। इसी दौरान कमरे की खिड़की के पास कुछ कबूतर आकर बैठ गए। काम के दौरान जैसे ही चेन तैयार हुई, अचानक एक कबूतर ने मौका पाते ही सात ग्राम की सोने की चेन चोंच में दबाई और फुर्र से उड़ गया। यह दृश्य देखकर कारीगर और आसपास मौजूद लोग कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए।

पास की छत पर जा बैठा कबूतर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबूतर उड़कर पास की ही एक छत पर जा बैठा। घटना की जानकारी फैलते ही सर्राफा बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई। अन्य व्यापारी और दुकानदार भी सतर्क हो गए और कबूतर पर नजर रखते हुए उसे पकड़ने का प्रयास शुरू किया गया।

बाजार में चर्चा का विषय बनी घटना

सोने की चेन उड़ाकर ले जाने की यह अनोखी घटना पूरे डेगाना कस्बे में चर्चा का विषय बन गई। लोग इसे मजाकिया अंदाज में “कबूतर की चोरी” कह रहे हैं, वहीं ज्वैलरी कारोबारी इस घटना के बाद कार्यशालाओं की खिड़कियों और सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक चेन की बरामदगी नहीं हो सकी है, लेकिन बाजार में इस अजीब घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment