सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार, 1 अक्टूबर की शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। नेछवा इलाके में विवाह समारोह के दौरान एक नंदी वहाँ पहुंच गया। इस पर नाराज़ होकर कुछ लोगों ने उसे बोलेरो गाड़ी से बार-बार टक्कर मारकर कुचल डाला। नंदी की दर्दनाक मौत का यह दृश्य वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही इलाके में हंगामा मच गया और ग्रामीणों ने देर रात थाने का घेराव कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस
घटना के अगले दिन, गुरुवार 2 अक्टूबर को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उनके सिर मुंडवाए गए और महिलाओं के वस्त्र पहनाकर (नाइटी) जुलूस निकाला गया। आरोपियों ने रास्तेभर हाथ जोड़े रखे जबकि बड़ी संख्या में भीड़ इस जुलूस में साथ चलती रही। मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की।
आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
मामले में आरोपी प्रेमचंद बावरी ने बोलेरो से नंदी को बार-बार टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने इस बोलेरो को जब्त कर लिया है। गड़ोदा शिवमठ धाम के महंत महावीर जति महाराज ने इस घटना को लेकर नेछवा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने प्रेमचंद बावरी और शिवराज बावरी समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया।
गौसेवकों और ग्रामीणों में आक्रोश
नंदी की हत्या की घटना से स्थानीय लोगों और गौसेवकों में भारी आक्रोश है। महंत महावीर जति और ग्रामीणों ने देर रात थाने का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच कर रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







