अमेरिकी हिरासत में निकोलस मादुरो: गिरफ्तारी के 24 घंटे बाद टूटी चुप्पी, बोले सिर्फ पांच शब्द

अमेरिका द्वारा हिरासत में लिए जाने के 24 घंटे बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति Nicolás Maduro ने पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। रविवार को उन्हें हथकड़ी पहनाकर न्यूयॉर्क के एक हिरासत केंद्र ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मादुरो ने मीडिया और डीईए एजेंट्स के बीच सिर्फ पांच शब्द कहे, जिनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, मादुरो को अगले सप्ताह अमेरिका की एक फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उन पर लगे गंभीर आरोपों पर सुनवाई होगी।

क्या बोले मादुरो?

वायरल वीडियो में राष्ट्रपति मादुरो अमेरिकी डीईए एजेंट्स से घिरे नजर आ रहे हैं। कैमरों की ओर देखते हुए उन्होंने अंग्रेज़ी में कहा— “Good Night And Happy New Year”। इस संक्षिप्त बयान ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कुछ यूजर्स ने इसे व्यंग्यात्मक बताया, तो कुछ ने उनके हाव-भाव और टोपी को लेकर मजाक उड़ाया।

अमेरिका ने मादुरो और पत्नी को किया गिरफ्तार

अमेरिकी सेना द्वारा वेनेजुएला पर किए गए हवाई हमलों के दौरान राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। अमेरिका ने इस ऑपरेशन से जुड़ी एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें मादुरो की आंखों पर पट्टी बंधी है और उन्हें युद्धपोत पर बैठे हुए दिखाया गया है। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि मादुरो पर नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े आतंकवाद, अंतरराष्ट्रीय साजिश और मानवाधिकार उल्लंघन जैसे कई गंभीर आरोप हैं।

ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने इस कार्रवाई के बाद वेनेजुएला को लेकर बड़ा बयान दिया। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा कि जब तक वेनेजुएला में सत्ता का “सुरक्षित और जिम्मेदार” हस्तांतरण नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वहां की स्थिति पर नजर रखेगा। उन्होंने कहा, “हम तब तक हस्तक्षेप करेंगे जब तक एक स्थिर और विवेकपूर्ण सत्ता व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो जाती।”

हमलों में 40 लोगों की मौत का दावा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी हमलों में वेनेजुएला के करीब 40 लोगों की मौत हुई है, जिनमें आम नागरिकों के साथ-साथ सैन्य अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस घटनाक्रम के बाद पूरी दुनिया में अमेरिका-वेनेजुएला टकराव को लेकर चिंता बढ़ गई है।

व्हाइट हाउस ने शेयर किया वीडियो

मादुरो की गिरफ्तारी के एक दिन बाद व्हाइट हाउस ने ऑपरेशन से जुड़ा एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उनकी धुंधली फुटेज को उस प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ जोड़ा गया है, जिसमें गिरफ्तारी की आधिकारिक घोषणा की गई थी। कई लोगों ने इसे अमेरिका की ओर से राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा है। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच यह टकराव अब सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में मादुरो की अदालत में पेशी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं इस संकट की दिशा तय करेंगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment