अलवर, खैरथल। राजस्थान के खैरथल कस्बे में उस समय मातम छा गया, जब गीता कॉलोनी में एक 6 साल की मासूम बच्ची की छत से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब देर शाम बिजली गुल हो गई थी और बच्ची अपने घर की छत पर खेल रही थी। हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि बच्ची का एक दिन पहले ही जन्मदिन मनाया गया था।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची का नाम पलक था और वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के केसरी नगला गांव की निवासी थी। पलक के पिता विकास पाल पिछले सात वर्षों से खैरथल की गीता कॉलोनी में एक कंपनी में नौकरी करते हुए अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। पलक आमतौर पर गांव में अपने दादा-दादी के पास रहती थी और वहीं स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा थी। गर्मियों की छुट्टियों में वह खैरथल आई हुई थी।
हादसे वाली शाम बिजली चली गई थी। अंधेरे में पलक छत पर खेलते समय संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पलक का जन्मदिन हादसे से एक दिन पहले ही मनाया गया था। इसलिए वह वापस गांव नहीं लौटी थी और यहां रुक गई थी। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि जन्मदिन के अगले ही दिन ऐसा दुखद हादसा हो जाएगा।
घटना के बाद मोहल्ले में शोक की लहर है। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पड़ोसियों ने बताया कि पलक बेहद चंचल और प्यारी बच्ची थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







