अजमेर। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अजमेर दौरे के दौरान केंद्र सरकार के बजट 2026-27 और प्रदेश में चल रही पेपर लीक जांच को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि पेपर लीक पर भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और SIT अब सिर्फ छोटे आरोपियों तक सीमित नहीं, बल्कि “बड़े मगरमच्छों” तक पहुंच चुकी है। मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान पेपर लीक और भ्रष्टाचार आम बात थी, लेकिन भाजपा सरकार ने व्यवस्था को पटरी पर लाया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में 300 से ज्यादा परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई हैं और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पेपर लीक माफिया पर कसा शिकंजा
दीया कुमारी ने कहा कि SIT की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और सबूतों के आधार पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चाहे आरोपी कितना भी रसूखदार क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है। किरोड़ीलाल मीणा द्वारा उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि जांच जारी है और सच्चाई जल्द सामने आएगी।
केंद्रीय बजट 2026-27: ‘विकसित भारत’ की मजबूत नींव
उप मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 को ‘विकसित भारत’ का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘GYAN’—गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति—को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि बजट में पूंजीगत व्यय (Capex) को प्राथमिकता दी गई है, जिससे रेलवे, हाईवे, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलेगी। MSME सेक्टर के लिए की गई घोषणाएं राजस्थान में रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।
राजस्थान को क्या-क्या मिलेगा?
डिप्टी सीएम के मुताबिक केंद्रीय बजट का सीधा फायदा राजस्थान के हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, मार्बल, एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्री और पर्यटन को मिलेगा। पुरातात्विक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास से पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि हर जिले में बालिका छात्रावास स्थापित किए जाएंगे ,खेलो इंडिया मिशन को अगले 10 वर्षों तक विस्तार मिलेगा, सीमावर्ती राज्य होने के कारण रक्षा बजट में बढ़ोतरी से राजस्थान की सुरक्षा और सैन्य बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी
नारी सशक्तिकरण पर खास जोर
दीया कुमारी ने कहा कि बजट में लखपति दीदी योजना, महिला उद्यमियों के लिए SHE Mart, और हेल्थ सेक्टर में केयरगिवर्स के प्रशिक्षण जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगी।
राज्य बजट को लेकर बड़ा संकेत
राजस्थान के आगामी बजट पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों के लिए यह “सौगातों का पिटारा” होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि डबल इंजन सरकार के चलते राजस्थान विकास की रफ्तार को और तेज करेगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।






