जयपुर। राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को एप्रोप्रिएशन बिल (राजस्थान वित्त एवं विनियोग विधेयक-2026) पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न विभागों में 1.25 लाख पदों पर नई भर्तियां करने की घोषणा की।
सीएम ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में 4 लाख भर्तियों के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 1.43 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं, जबकि पहले 1 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 1.25 लाख पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा।
300 नई रोडवेज बसें, आदिवासी युवाओं को ब्याजमुक्त कर्ज
मुख्यमंत्री ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 300 नई रोडवेज बसें खरीदने की घोषणा की। इससे प्रदेश में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही 5000 आदिवासी युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे अपना उद्योग स्थापित कर सकें।
विपक्ष पर साधा निशाना
सदन में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की तुलना विपक्ष के पांच साल के कार्यकाल से करते हुए कहा कि उनकी सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है।
दीर्घकालिक योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और देश को मजबूत बनाने के लिए केवल वर्तमान नहीं, बल्कि आने वाले 20 से 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनानी होंगी। बिना स्पष्ट भविष्य दृष्टि के विकास की रफ्तार तेज नहीं की जा सकती।
‘विकसित भारत 2047’ में राजस्थान की भूमिका
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान इस लक्ष्य को हासिल करने में एक मजबूत ग्रोथ इंजन की भूमिका निभाएगा और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







