“राजस्थान बजट 2026: 1 से 1.25 लाख नई सरकारी भर्तियों का बड़ा ऐलान जल्द?”

अजमेर।
राजस्थान सरकार आगामी बजट 2026-27 की तैयारियों में जुटी हुई है और इस बार प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक फरवरी में पेश होने वाले बजट में करीब 1 से 1.25 लाख सरकारी भर्तियों का ऐलान किया जा सकता है। इस घोषणा पर खासतौर पर राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) और लाखों अभ्यर्थियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

RPSC कैलेंडर पहले से ही व्यस्त

आरपीएससी का जनवरी से नवंबर तक का परीक्षा कैलेंडर पहले ही जारी हो चुका है, जिसमें लगातार परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। आयोग आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा के साथ-साथ कॉलेज लेक्चरर, स्कूल व्याख्याता, कृषि, कारागार, कनिष्ठ लेखाकार, चिकित्सा शिक्षा और अन्य विभागों की परीक्षाएं व साक्षात्कार आयोजित करता है। भर्तियां राज्य सरकार की घोषणा, कार्मिक विभाग से अभ्यर्थना और पदों के वर्गीकरण के बाद ही आयोग को प्राप्त होती हैं।

फरवरी बजट पर टिकी युवाओं की उम्मीदें

राज्य सरकार फरवरी में 2026-27 का बजट पेश करेगी। जानकारों का कहना है कि इस बजट में 1 से 1.25 लाख नई भर्तियों की घोषणा संभव है। इनमें आरएएस, चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, स्कूल व्याख्याता, कृषि, आयुर्वेद सहित कई विभागों की भर्तियां शामिल हो सकती हैं।
गौरतलब है कि संभावित आरएएस भर्ती को लेकर आयोग पहले ही इसका सिलेबस जारी कर चुका है, जिससे संकेत मिलते हैं कि प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ सकती है।

बीते वर्षों में अभ्यर्थनाओं का आंकड़ा
  • 2018 – 18,000

  • 2019 – 12,500

  • 2020 – 8,100

  • 2021 – 6,540

  • 2022 – 10,300

  • 2023 – 17,350

  • 2024 – 11,205

पिछले साल किन पदों पर हुई थी भर्ती

पिछले वर्ष लेक्चरर आयुर्वेद, डिप्टी कमांडेंट, सहायक विद्युत निरीक्षक, जूनियर केमिस्ट, सहायक कृषि अभियंता, पशु चिकित्सा अधिकारी, उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर, स्कूल शिक्षा विभाग में प्राध्यापक व कोच, वरिष्ठ अध्यापक, सहायक आचार्य, सांख्यिकी अधिकारी सहित कई पदों पर हजारों भर्तियां की गई थीं।

युवाओं के लिए राहत की उम्मीद

यदि बजट में अनुमानित भर्तियों की घोषणा होती है, तो यह लंबे समय से इंतजार कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी राहत होगी। अब सबकी निगाहें फरवरी में पेश होने वाले राजस्थान बजट पर टिकी हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment