Rajasthan Budget 2026 Live Updates: युवाओं, किसानों और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस, 1 लाख युवाओं को 10 लाख तक ब्याज मुक्त लोन

Rajasthan Budget 2026 Live Updates: युवाओं, किसानों और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस, 1 लाख युवाओं को 10 लाख तक ब्याज मुक्त लोन

जयपुर, 11 फरवरी 2026। राजस्थान की डिप्टी सीएम और वित्तमंत्री दीया कुमारी ने आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और युवाओं के रोजगार पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने विकास की रफ्तार तेज करने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। खास बात यह रही कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को 10 लाख रुपये तक के कर्ज पर शत-प्रतिशत ब्याज अनुदान देने की घोषणा की गई है।

शिक्षा क्षेत्र में बड़ी पहल

अगले सत्र 2026-27 से 500 नए स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा (Vocational Education) शुरू की जाएगी। प्रत्येक जिले में एक स्कूल को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया जाएगा। जिन स्कूलों में शौचालय सुविधा नहीं है, वहां नए टॉयलेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को टैबलेट या लैपटॉप खरीदने के लिए 20,000 रुपये का ई-वाउचर दिया जाएगा। इससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

युवाओं के लिए बिजनेस लोन योजना

सरकार ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए 10 लाख रुपये तक का बिजनेस लोन देने का प्रस्ताव रखा है। इस योजना के लिए 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे करीब 30,000 युवा सीधे लाभान्वित होंगे। साथ ही एक लाख युवाओं को 10 लाख रुपये तक के कर्ज पर 100 प्रतिशत ब्याज अनुदान देने की घोषणा को गेम चेंजर माना जा रहा है।

उद्यमियों के लिए ‘मार्जिन मनी’ और नया विभाग

देश-विदेश में बसे राजस्थानियों को जोड़ने के लिए ‘डोमेस्टिक एंड ओवरसीज राजस्थानी अफेयर्स विभाग’ का गठन किया जाएगा। वर्तमान में राजस्थान फाउंडेशन के 26 चैप्टर सक्रिय हैं। MSME इकाइयों को नई इकाई स्थापना और विस्तार के लिए 15 करोड़ रुपये तक की मार्जिन मनी उपलब्ध कराई जाएगी। कुचामन के पर्वतसर में औद्योगिक विकास के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव रखा गया है। निजी क्षेत्र के सहयोग से मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और इनलाइन कंटेनर डिपो भी स्थापित किए जाएंगे। लॉजिस्टिक पार्क के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है।

किसानों और सामाजिक सुरक्षा पर जोर

वित्तमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा और किसानों के हित सरकार की प्राथमिकता है। अब तक 91 लाख से अधिक लाभार्थियों को 28,400 करोड़ रुपये की पेंशन वितरित की जा चुकी है। किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों को 10,900 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी गई है।

इंफ्रास्ट्रक्चर और पेयजल परियोजनाएं

राज्य में अब तक का सर्वाधिक पूंजीगत खर्च इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया जाएगा। 1,800 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और सड़कों का निर्माण होगा। अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी बजट प्रावधान किया गया है। पेयजल परियोजनाओं के लिए 24,000 करोड़ रुपये के वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं। जयपुर और अजमेर में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बीसलपुर के सूरजपुरा से नई ट्रांसमिशन लाइन को स्वीकृति दी गई है।

आवास और शहरी विकास

प्रदेश के 28 लाख परिवारों के लिए आवास निर्माण की घोषणा की गई है। साथ ही मेट्रो कॉर्पोरेशन केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल है।

ऊर्जा और जलवायु नीति

राज्य सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र और जलवायु नीति के तहत 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश का रोडमैप पेश किया है। पंचायतीराज संस्थाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाने की घोषणा की गई है।


कुल मिलाकर राजस्थान बजट 2026 को लोक-लुभावन के साथ-साथ विकासोन्मुखी बजट माना जा रहा है। युवाओं, किसानों, उद्यमियों और बुनियादी ढांचे पर केंद्रित यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने का प्रयास है। आने वाले समय में इन घोषणाओं का जमीनी असर देखने लायक होगा।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment