जयपुर। राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए फरवरी का महीना बड़ी उम्मीदें लेकर आया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) की पांच अहम भर्तियों में आवेदन की रफ्तार तेज है और अब तक कुल मिलाकर 10 लाख से ज्यादा फॉर्म भरे जा चुके हैं। फॉरेस्टर से लेकर लैब असिस्टेंट तक की इन भर्तियों ने युवाओं में जबरदस्त उत्साह पैदा किया है।
बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार, फॉरेस्टर भर्ती 2026 के लिए अब तक करीब 2.83 लाख आवेदन हो चुके हैं, वहीं महिला पर्यवेक्षक भर्ती में 84 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरे हैं। कृषि पर्यवेक्षक भर्ती में 1.05 लाख से ज्यादा आवेदन दर्ज किए गए हैं। सबसे ज्यादा क्रेज लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त भर्ती का रहा है, जिसमें 3.24 लाख से अधिक आवेदन पहुंचे हैं। लैब असिस्टेंट भर्ती में भी 2.36 लाख से ज्यादा युवा किस्मत आजमा रहे हैं।
आवेदन की अंतिम तिथियां भी नजदीक हैं। फॉरेस्टर, महिला पर्यवेक्षक और कृषि पर्यवेक्षक पदों के लिए 11 फरवरी तक आवेदन किए जा सकते हैं। लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक के लिए 13 फरवरी, जबकि लैब असिस्टेंट भर्ती के लिए 25 फरवरी अंतिम तिथि तय की गई है। RSSB ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
प्रदेश में चल रही ये भर्तियां न सिर्फ रोजगार के नए अवसर खोल रही हैं, बल्कि यह भी दिखा रही हैं कि युवाओं का रुझान सरकारी सेवा की ओर लगातार बढ़ रहा है। अब देखना होगा कि इन रिकॉर्ड आवेदनों के बीच कौन से अभ्यर्थी सफलता हासिल कर पाते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







