जयपुर। राजस्थान सरकार ने शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 64 अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में राज्य के 22 जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) भी बदल दिए गए हैं। साथ ही पुलिस अधीक्षक स्तर के 9 अधिकारियों को पदोन्नत कर उप महानिरीक्षक (DIG) बनाया गया है।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों जैसे साइबर क्राइम, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
आदेश के अनुसार अजय सिंह को जयपुर में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त-I लगाया गया है। योगेश यादव को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से एटीएस में डीआईजी के पद पर भेजा गया है, जबकि राशी डोगरा डुडी को जयपुर ग्रामीण एसपी से सीआईडी-सीबी में डीआईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विनय कुमार डी.एच. को राज्यपाल का परिसहाय नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा डीआईजी आनंद शर्मा को जेडीए, राममूर्ति जोशी को डीआईजी एसीपी उदयपुर और सुमित मेहरड़ा को जयपुर साइबर एसपी बनाया गया है। जिलों में नई तैनाती के तहत मोनिका सेन को पाली, डॉ. अमृता दुहन को उदयपुर, पी.डी. नित्या को जोधपुर ग्रामीण और जयेष्ठा मैत्रयी को बांसवाड़ा का एसपी लगाया गया है।
जयपुर शहर में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी रंजीता शर्मा को जयपुर शहर पूर्व की पुलिस उपायुक्त (DCP) बनाया गया है, जबकि 2021 बैच के प्रशांत किरण को जयपुर शहर पश्चिम का डीसीपी नियुक्त किया गया है। निश्चय प्रसाद एम. को जयपुर यातायात का डीसीपी लगाया गया है। इस फेरबदल में पति-पत्नी आईपीएस अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारी दी गई है। पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को सिरोही का एसपी बनाया गया है, जबकि उनकी पत्नी कमल शेखावत को जोधपुर शहर पश्चिम की पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
राज्य में नशे के खिलाफ कार्रवाई को तेज करने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को भी मजबूत किया गया है। इस फोर्स से डीआईजी योगेश यादव को एटीएस भेजा गया है और उनकी जगह डीआईजी अभिजीत सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमित जैन को इस टास्क फोर्स में एसपी लगाया गया है। सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार कई जिलों में नए एसपी लगाए गए हैं। इनमें सुधीर जोशी को झुंझुनूं, संजीव नैन को जयपुर ग्रामीण, नरेंद्र सिंह को बाड़मेर, ज्ञान चन्द्र यादव को चूरू, नरेंद्र सिंह मीणा को हनुमानगढ़, मृदुल कच्छावा को बीकानेर, सतवीर सिंह को कोटपूतली-बहरोड़ और हर्ष वर्धन अगरवाला को अजमेर का एसपी बनाया गया है।
इसी तरह पीयूष दीक्षित को करौली, विशनाराम को सलूम्बर, अवनीश कुमार शर्मा को बूंदी, हरी शंकर को श्रीगंगानगर, हेमंत कलाल को राजसमंद, कंबले शरण गोपीनाथ को डीग और रोशन मीणा को नागौर का एसपी नियुक्त किया गया है। राजस्थान में पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







