जयपुर। राजस्थान जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा 2025 में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने इस भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। पहले यह भर्ती 803 पदों के लिए निकाली गई थी, लेकिन अब इसमें 165 अतिरिक्त पद जोड़े गए हैं। इस बदलाव के बाद कुल 968 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
कब आएगा रिजल्ट?
इस भर्ती के लिए 8,20,942 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6,10,168 अभ्यर्थी 12 अप्रैल को आयोजित परीक्षा में शामिल हुए। यह परीक्षा प्रदेश के 38 जिलों में हुई थी और उपस्थिति दर करीब 74.33% रही। चूंकि यह भर्ती नॉन-सीईटी श्रेणी में आयोजित की गई है, इसलिए बोर्ड नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाकर परिणाम तैयार कर रहा है। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज के अनुसार, संभावना है कि रिजल्ट इस महीने के अंतिम सप्ताह तक जारी कर दिया जाएगा।
पेपर और प्रक्रिया
जेल प्रहरी भर्ती में लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। पदों में बढ़ोतरी के बाद अधिक अभ्यर्थियों के चयन की संभावना भी बढ़ गई है।
पिछले दिनों घोषित हुआ पशुपरिचर भर्ती परिणाम
उधर, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने हाल ही में पशुपरिचर सीधी भर्ती 2023 का अंतिम परिणाम घोषित किया है। इस भर्ती के तहत नॉन-टीएसपी क्षेत्र के 5,713 पद और टीएसपी क्षेत्र के 720 पद, यानी कुल 6,433 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चली थी। नॉन-टीएसपी क्षेत्र में ओबीसी और एमबीसी वर्ग की कटऑफ ईडब्ल्यूएस से अधिक रही। जेल प्रहरी भर्ती 2025 के रिजल्ट को लेकर उम्मीदवारों में उत्सुकता चरम पर है, और अब सभी की नजरें बोर्ड की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।