Rajasthan: जोधपुर में प्रेम विवाह को लेकर दो गुटों में संघर्ष, चाकू और तलवारों से हमला

Jodhpur News: जोधपुर के कुड़ी थाना क्षेत्र के झालामंड में रविवार रात करीब 9:30 बजे प्रेम विवाह को लेकर दो गुटों में भीषण संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू और तलवारों से हमला कर दिया। इस झगड़े में चार युवक घायल हो गए, जिनमें गोपी उर्फ गोपिया उर्फ गोपाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों में पवन मेघवाल उर्फ पवनिया, अनिल कुमार उर्फ भाऊड़ा राजू सहित एक और युवक शामिल है। सभी घायलों को तुरंत जोधपुर एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। यह पूरा घटनाक्रम झालामंड सर्किल से गुड़ा रोड स्थित राजू सुपर मॉल के सामने हुआ और घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।

घटना के बाद मचा हड़कंप

झालामंड के मेन बाजार में अचानक अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि विवाद प्रेम विवाह और एक लड़की को जबरन घर से भगाने की घटना से जुड़ा था। लड़की के परिजन मौके की तलाश में थे और जैसे ही दोनों गुट आमने-सामने आए, विवाद हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने हथियार निकाल लिए और चाकूबाजी व तलवारबाजी शुरू कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

देर से पहुंची पुलिस, अब जांच जारी

चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के लगभग 36 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और घायलों के बयान दर्ज करने के लिए एम्स अस्पताल भी पहुंची है। फिलहाल पुलिस ने मामले को शांत कराने की कोशिशें शुरू कर दी हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।  इस घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है और लोग प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment