भारत की T-20 विश्व कप जीत का जश्न सिर्फ देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका असर Rajasthan Vidhan Sabha के गलियारों में भी देखने को मिला। सोमवार को शून्यकाल के दौरान सदन की कार्यवाही उस समय दिलचस्प हो गई जब टीम इंडिया की जीत को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक शुरू हो गई। जहां सत्ता पक्ष के नेताओं ने इस जीत को इंफ्रास्ट्रक्चर और नेतृत्व से जोड़ा, वहीं विपक्ष ने इसे खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा बताते हुए तंज कसा।
मंत्री अविनाश गहलोत का बयान
भजनलाल सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री Avinash Gehlot ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि भारत ने वर्ल्ड कप जीतने के साथ कई रिकॉर्ड बनाए हैं और यह उपलब्धि अहमदाबाद स्थित Narendra Modi Stadium जैसे विश्वस्तरीय स्टेडियम में संभव हुई। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अब विपक्ष को इससे दिक्कत है, लेकिन सच्चाई यही है। आखिर हम इस स्टेडियम का नाम ‘टीकाराम जूली स्टेडियम’ तो रख नहीं सकते।” इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री Jogaram Patel ने भी समर्थन करते हुए कहा कि अहमदाबाद के इस स्टेडियम का नाम शुभ है और भारत की जीत में इसका योगदान माना जा सकता है।
टीकाराम जूली का पलटवार
मंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष Tika Ram Jully ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, “हमारी टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई, लेकिन सच्चाई यह है कि इस बार फाइनल मैच देखने Narendra Modi खुद स्टेडियम नहीं गए थे, इसलिए टीम जीत गई। हमने कई बार देखा है कि जब-जब मोदीजी मैच देखने स्टेडियम जाते हैं, हमारी टीम को हार का सामना करना पड़ता है। यह जीत खिलाड़ियों के पसीने और मेहनत की है।” आमतौर पर विधानसभा में तीखी बहस देखने को मिलती है, लेकिन इस मुद्दे पर हुई चर्चा ने माहौल हल्का कर दिया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक इस दौरान ठहाके लगाते नजर आए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सदन में हुई इस मजेदार बहस का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी यह चर्चा का विषय बन गया। ‘नरेंद्र मोदी स्टेडियम’ बनाम ‘टीकाराम जूली स्टेडियम’ को लेकर हुई यह जुबानी जंग लोगों के बीच तेजी से वायरल हो रही है और यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







