दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य आरोपियों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ईडी द्वारा दाखिल आरोप पत्र आधारहीन है, क्योंकि यह किसी विधिवत प्राथमिकी (FIR) के बजाय एक निजी शिकायत पर आधारित है। अदालत ने स्पष्ट किया कि बिना एफआईआर के इस तरह की कार्यवाही को आगे बढ़ाना न्यायसंगत नहीं है। इसी आधार पर कोर्ट ने गांधी परिवार के खिलाफ ईडी की शिकायत को खारिज कर दिया।
अदालत ने यह भी कहा कि चूंकि इस मामले में अभी दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने नई एफआईआर दर्ज की है, ऐसे में ईडी की ओर से दिए गए बयानों पर इस स्तर पर कोई अंतिम फैसला देना जल्दबाजी होगी। हालांकि, कोर्ट ने ईडी को मामले में आगे की जांच जारी रखने की अनुमति दी है।
एफआईआर की कॉपी पर भी फैसला
राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस दौरान एक और अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य आरोपियों को एफआईआर की कॉपी पाने का अधिकार नहीं है। यह फैसला दिल्ली पुलिस की ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज की गई नई एफआईआर से जुड़ी कार्यवाही के दौरान दिया गया।
ईडी के आरोप क्या हैं
इस मामले में गांधी परिवार के अलावा सुमन दुबे, सैम पित्रोदा, यंग इंडियन, डोटेक्स मर्चेंडाइज और सुनील भंडारी को भी ईडी ने आरोपी बनाया है। ईडी का आरोप है कि नेशनल हेराल्ड के प्रकाशक एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) की करीब 2,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों पर कथित तौर पर धोखाधड़ी के जरिए कब्जा किया गया।
ईडी के मुताबिक, AJL की संपत्तियों से जुड़ी ‘अपराध की कमाई’ को यंग इंडियन नाम की कंपनी के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि यंग इंडियन में गांधी परिवार की हिस्सेदारी बहुमत में है और आपराधिक साजिश के तहत AJL के शेयर यंग इंडियन को ट्रांसफर किए गए हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने ईडी के सभी आरोपों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए सिरे से खारिज किया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







