नई दिल्ली, 29 सितंबर 2025: दिल्ली के एक निजी संस्थान में 17 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपी स्वयंभू बाबा चैतन्यानंद को लेकर रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। एक और लड़की ने एनडीटीवी को बताया कि पिछले साल वह भी बाबा के संस्थान में एडमिशन लेने गई थी, लेकिन उसकी अटपटी बातें और संदिग्ध व्यवहार देखकर उसने एडमिशन नहीं कराया।
छात्रा ने बताया कि चैतन्यानंद ने कहा था कि वह हैदराबाद में आईपीएस अधिकारियों को ट्रेनिंग देता है और एडमिशन जल्द लेने का दबाव डाला। उसने यह भी बताया कि उसके पीछे एक लड़की पड़ी थी, लेकिन वह उसे पसंद नहीं करता और इसलिए अब पुलिस उसके पीछे है। लड़की और उसके परिवार को बाबा की बातें शक पैदा करने वाली लगीं, जिसके चलते एडमिशन नहीं लिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी और जांच
करीब दो महीने की तलाश के बाद शनिवार देर रात चैतन्यानंद को आगरा से गिरफ्तार किया गया। पटियाला हाउस कोर्ट ने रविवार को उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा। सोमवार को आरोपी को उसके संस्थान में जांच के लिए ले जाया गया।
पुलिस अब सीन ऑफ क्राइम का मेमो तैयार कर रही है। जांच टीम ने चैतन्यानंद को संस्थान के ग्राउंड फ्लोर में बने विशेष कमरे, जिसे पीड़ित छात्राओं ने ‘टॉर्चर रूम’ बताया, में ले जाकर निशानदेही कराई। इसके अलावा पुलिस ने संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस और उनका इस्तेमाल कैसे किया गया, इसकी भी जांच की।
छात्राओं पर दबाव और विदेश यात्राएं
पुलिस जांच में सामने आया कि चैतन्यानंद ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई छात्राओं को डोमेस्टिक और विदेशी यात्राओं पर ले गया। अब पुलिस उन छात्राओं की पहचान करने में जुटी है जिन्हें विदेश या अन्य राज्यों में ले जाया गया। अब तक 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 16 ने सेक्सुअल हैरेसमेंट की शिकायत की है। जांच में कुछ छात्राओं ने विदेश यात्राओं का जिक्र किया है, लेकिन सटीक जानकारी जुटाई जा रही है।
बाथरूम में भी कैमरे लगाए थे
जांच में यह भी सामने आया कि चैतन्यानंद ने बाथरूम में कैमरे लगाए थे, जिससे छात्राओं की निजता का गंभीर उल्लंघन हुआ। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों को अल्मोड़ा, गुड़गांव और फरीदाबाद तक ले जाया गया। डिजिटल सबूत मजबूत करने के लिए पुलिस आईपी एड्रेस की भी जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








