जयपुर, 29 सितंबर 2025: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के बीच ट्रॉफी विवाद देखने को मिला। भारतीय टीम ने ACC के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया, जिससे मैदान पर जीत का जश्न बिना ट्रॉफी के ही मनाया गया।
इस मामले पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैं जब से क्रिकेट खेल रहा हूं, तब से पहली बार देखा कि चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। हमने बहुत मेहनत करके यह टूर्नामेंट जीता है। हम इसके हकदार थे। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कह सकता। मेरी ट्रॉफियां मेरे ड्रेसिंग रूम में मौजूद हैं। मेरे साथ सभी 14 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ मौजूद हैं। यही असली ट्रॉफियां हैं।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या BCCI ने ACC को कोई आधिकारिक ई-मेल भेजा था कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगी, सूर्यकुमार ने कहा, “हमने यह फैसला मैदान पर ही लिया था। हमें कोई निर्देश नहीं मिला था।”
मैच का संक्षिप्त विवरण
पाकिस्तान के खिलाफ 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 20 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे।
-
अभिषेक शर्मा: 5 रन
-
शुभमन गिल: 12 रन
-
सूर्यकुमार यादव: 1 रन
इसके बाद तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी बनाई। फिर तिलक वर्मा ने शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।
-
संजू सैमसन: 21 गेंद पर 24 रन
-
शिवम दुबे: 22 गेंद पर 33 रन
-
तिलक वर्मा: 53 गेंद पर नाबाद 69 रन (4 छक्के, 3 चौके)
-
रिंकू सिंह: 1 गेंद पर 4 रन नाबाद
भारत ने कुल मिलाकर 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता। विजयी चौका रिंकू सिंह के बल्ले से निकला।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







