आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भारतीय क्रिकेट फैंस को रोमांचित करने वाली भविष्यवाणी की है। आईसीसी हॉल ऑफ फेमर पोंटिंग का मानना है कि टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज साबित हो सकते हैं और यहां तक कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम कर सकते हैं। पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू के ताज़ा एपिसोड में कहा, “वह एक स्टार है। सच कहूं तो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट्स का अनुभव न होना उसके लिए फायदे की बात हो सकती है। मुझे लगता है कि वह इस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बना सकता है और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बन सकता है।”
अनुभवहीनता नहीं, अभिषेक की ताकत
रिकी पोंटिंग का मानना है कि बड़े मंच पर खेलने का दबाव अभिषेक शर्मा को विचलित नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आईपीएल में कम उम्र में मिले अनुभव ने अभिषेक को मानसिक रूप से काफी मजबूत बना दिया है। “अगर अभिषेक रन बनाता है, तो भारत को हराना और भी मुश्किल हो जाएगा। और अगर वह नहीं चला, तो भारत भी किसी और टीम की तरह कमजोर नजर आ सकता है। इस वर्ल्ड कप में वह भारत के लिए बेहद अहम खिलाड़ी है।”
17 साल की उम्र में दिख गई थी ‘चिंगारी’
पोंटिंग ने अभिषेक शर्मा के शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि वह उनके पहले आईपीएल कोच थे। “दिल्ली में 17 साल की उम्र में उसने मेरे साथ डेब्यू किया था। मुझे आज भी याद है, उसने पहली ही गेंद पर सीधा चौका या छक्का लगाया था। तभी समझ आ गया था कि इस लड़के में कुछ खास है।” उन्होंने यह भी खुलासा किया कि दिल्ली कैपिटल्स द्वारा अभिषेक को ट्रेड किए जाने का उन्होंने कड़ा विरोध किया था, क्योंकि उन्हें यकीन था कि यह खिलाड़ी आगे चलकर सुपरस्टार बनेगा।
वर्ल्ड कप से पहले शानदार फॉर्म
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर बोला है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने 4 मैचों में 152 रन बनाए। तीसरे टी20 में सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक जड़कर उन्होंने इतिहास रच दिया, जो किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज टी20I अर्धशतक है। उनसे आगे सिर्फ युवराज सिंह हैं, जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में फिफ्टी ठोकी थी।
भारत की नजरें लगातार दूसरे खिताब पर
2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे अभिषेक शर्मा अब अपना पहला सीनियर टी20 वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। भारत को ग्रुप ‘A’ में पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। टीम इंडिया 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिकी पोंटिंग की यह भविष्यवाणी कितनी सटीक साबित होती है और क्या अभिषेक शर्मा सच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े सितारे बनकर उभरते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







