22 फर्जी पासपोर्ट मामले में शासन का बड़ा एक्शन, 11 पुलिसकर्मी लाइनहाजिर, ACP मोदीनगर भी हटाए गए

गाज़ियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सामने आए फर्जी पासपोर्ट कांड ने प्रशासन और पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है। एक ही मोबाइल नंबर के आधार पर 22 फर्जी पासपोर्ट जारी होने के मामले में शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए अब तक 12 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है। पहले भोजपुर थाना प्रभारी समेत 11 पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर किया गया था और अब इस प्रकरण में मोदीनगर के एसीपी अमित सक्सेना को भी उनके पद से हटा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, फर्जी पासपोर्ट गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के चार गांवों के पते पर जारी किए गए थे। जांच में सामने आया कि अधिकांश पते फर्जी थे, इसके बावजूद पुलिस सत्यापन प्रक्रिया में यह गड़बड़ी पकड़ में नहीं आ सकी। इस गंभीर लापरवाही को शासन और पुलिस अधिकारियों ने सर्किल स्तर की चूक माना है।

मामले के खुलासे के बाद शुरू हुई जांच में भोजपुर थाने के डाक मुंशी दीपक कुमार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही थानाध्यक्ष संदीप कुमार बालियान समेत आठ दरोगाओं को लाइनहाजिर किया गया। इनमें एसआई रुस्तम सिंह, प्रशांत संसरवाल, मनोज कुमार, रामकुमार, महेंद्र सिंह, विकास सैनी, अंकित कुमार और आदित्य गौतम शामिल हैं। इसके अलावा मोदीनगर थाने के मुंशी विनीत कुमार और मुरादनगर थाने के मुंशी संदीप कुमार पर भी कार्रवाई की गई है।

इस बीच गुरुवार को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने पांच एसीपी के कार्यक्षेत्र में फेरबदल के आदेश जारी किए। इसके तहत एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना को हटाकर एसीपी ट्रैफिक द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि भास्कर वर्मा को मोदीनगर का नया एसीपी बनाया गया है। हालांकि इसे प्रशासनिक बदलाव बताया जा रहा है, लेकिन भोजपुर फर्जी पासपोर्ट मामले में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद इस फैसले को उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि भोजपुर थाना मोदीनगर सर्किल के अंतर्गत आता है। ऐसे में एसीपी स्तर पर कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहे हैं कि शासन और पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। फर्जी पासपोर्ट प्रकरण को लेकर आगे भी और अधिकारियों पर गाज गिरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment