कोटा: अपार्टमेंट में आग लगने से 2 भाईयों की मौत, ​एक ने ‘वीर हनुमान’ में लक्ष्मण की निभाई थी भूमिका

राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनंतपुरा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दीपश्री अपार्टमेंट में अचानक आग लगने और धुआं फैलने से दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय शौर्य शर्मा और 10 वर्षीय वीर शर्मा के रूप में हुई है। हादसे के वक्त दोनों बच्चे घर में अकेले थे।

देर रात 2 बजे हुई घटना

अनंतपुरा थाना अधिकारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार यह हादसा रात करीब 2 बजे फ्लैट नंबर B-403 में हुआ। आग लगते ही धुआं पूरे घर में फैल गया। उस समय बच्चे सो रहे थे और बाहर नहीं निकल पाए। घटना के समय बच्चों के पिता जितेंद्र शर्मा, जो कोचिंग संस्थान में फैकल्टी हैं, पास ही एक जागरण कार्यक्रम में शामिल थे। वहीं, मां मुंबई गई हुई थीं। घर में अकेले होने के कारण बच्चों की जान नहीं बच सकी।

वीर शर्मा था बाल कलाकार

10 वर्षीय वीर शर्मा एक उभरता हुआ बाल कलाकार था। उसने धार्मिक धारावाहिक ‘वीर हनुमान’ में लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी।अपार्टमेंट में धुएं की गंध और बदबू फैलने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया और पिता को फोन पर जानकारी दी। बच्चों को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment