अंडर-19 एशिया कप 2025: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का धमाका, UAE के खिलाफ रचा इतिहास – 171 रनों की विस्फोटक पारी

अंडर-19 एशिया कप 2025 की शुरुआत भारतीय क्रिकेट के लिए यादगार बन गई है। दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में खेले जा रहे पहले मुकाबले में सिर्फ 15 साल के भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान मचाया कि पूरा स्टेडियम उनकी बल्लेबाजी से गूंज उठा। सूर्यवंशी ने 95 गेंदों में 171 रन ठोकते हुए न सिर्फ मैच की दिशा बदली, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कराए।

56 गेंदों में शतक – बना तीसरा सबसे तेज अंडर-19 शतक

भारत के इस युवा बल्लेबाज ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सिर्फ 56 गेंदों में शतक पूरा करते हुए उन्होंने अंडर-19 वनडे क्रिकेट के इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक बना दिया। उनकी पारी में कुल 14 छक्के और 9 चौके शामिल थे। एक समय ऐसा लग रहा था कि वह दोहरा शतक भी जड़ देंगे, लेकिन उद्दीश सूरी की गेंद पर वे क्लीन बोल्ड हो गए। यह वही वैभव हैं, जिन्होंने इंग्लैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ 52 गेंदों में शतक लगाकर सबसे तेज अंडर-19 शतक का रिकॉर्ड पहले ही अपने नाम किया था। अंडर-19 टेस्ट क्रिकेट में भी वे सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं—78 गेंदों पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ।

30 गेंदों में अर्धशतक, 10 दिनों में दूसरा शतक

सूर्यवंशी की पारी की शुरुआत भी कम धमाकेदार नहीं थी—उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। यह उनका पिछले 10 दिनों में दूसरा शतक है।
2 दिसंबर को उन्होंने बिहार की ओर से महाराष्ट्र के खिलाफ 108 रन* बनाए थे। वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे इस मैच में फ्लॉप रहे और मात्र 4 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि SMAT 2025 में वे मुंबई के लिए लगातार दो शतक लगा चुके हैं।

राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भी चमके थे वैभव

एशिया कप से पहले संपन्न एशिया कप राइजिंग स्टार्स टी20 टूर्नामेंट 2025 में भी सूर्यवंशी ने बल्ले से आग उगली थी। यूएई के खिलाफ उन्होंने 42 गेंदों में 144 रन ठोककर सभी को चौंका दिया था। इस पारी में उनके 11 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उस टूर्नामेंट में वे टीम इंडिया ए के लिए सबसे ज्यादा प्रभावशाली खिलाड़ी रहे थे।

सिर्फ 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमाकेदार पहचान

वैभव सूर्यवंशी की उम्र भले ही केवल 15 साल है, लेकिन उनके शॉट्स और मैच टेम्परामेंट में एक परिपक्व क्रिकेटर दिखाई देता है। उनकी लगातार आक्रामक पारियाँ बताती हैं कि भारत की नई पीढ़ी का यह स्टार आने वाले समय में सीनियर टीम की ओर तेजी से बढ़ सकता है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment