जयपुर। गंदगी और असावधानी से जुड़ी आदतें कई बार गंभीर बीमारियों का कारण बन जाती हैं। झुंझुनूं जिले की एक 55 वर्षीय महिला इसी लापरवाही की शिकार हो गईं। लंबे समय से त्वचा पर लाल लहरदार लकीरें और असहनीय खुजली से परेशान महिला का इलाज घरेलू नुस्खों और मलहमों से नहीं हो पाया। आखिरकार जयपुर के एक निजी अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि महिला क्यूटेनियस लार्वा माइग्रेंस (सीएलएम) नामक रोग से पीड़ित हैं। इसे आम भाषा में त्वचा पर रेंगने वाले कीड़े की बीमारी भी कहा जाता है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश माथुर ने बताया कि यह रोग उन लोगों में ज्यादा पाया जाता है, जो खेतों, सड़कों या गंदी जगहों पर नंगे पैर चलते हैं। कुत्ते और बिल्लियों की आंतों में पाए जाने वाले परजीवी कीड़े अंडे छोड़ते हैं, जो उनके मल के साथ बाहर निकल जाते हैं। मिट्टी में ये अंडे गर्म और गीली परिस्थितियों में छोटे लार्वा में बदल जाते हैं। इंसान जब ऐसे दूषित स्थानों पर नंगे पैर चलता है तो यह लार्वा त्वचा में प्रवेश कर जाता है और सांप जैसी टेढ़ी-मेढ़ी रेखाएं बनाते हुए धीरे-धीरे रेंगता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इसके लक्षणों में त्वचा पर लाल और लहरदार लकीरें, रात में बढ़ने वाली खुजली, घाव और पपड़ी बनना शामिल हैं। लगातार खुजलाने से त्वचा पर पस और संक्रमण भी हो सकता है। गंभीर मामलों में मरीज को बेचैनी और नींद न आने जैसी परेशानी होती है। दुर्लभ स्थिति में यह परजीवी शरीर के अंदर जाकर आंतों या फेफड़ों को भी प्रभावित कर सकता है। हालांकि यह बीमारी जानलेवा नहीं है, लेकिन समय रहते इलाज जरूरी है।
डॉ. माथुर ने बताया कि सही दवाओं के सेवन से यह रोग कुछ ही दिनों में पूरी तरह ठीक हो सकता है। खुजली और घावों के लिए सहायक दवाएं दी जाती हैं। उन्होंने लोगों को नंगे पैर मिट्टी या खेतों में चलने से बचने की सलाह दी है और पालतू जानवरों को नियमित रूप से डीवॉर्मिंग कराने की भी अपील की है, ताकि इस तरह की संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सके।
👉 यह मामला लोगों के लिए चेतावनी है कि छोटी-सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर बड़ा असर डाल सकती है। स्वच्छता और सतर्कता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







