जयपुर: राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को उस समय जबरदस्त हंगामा मच गया जब जयपुर स्थित हिंगोनिया गौशाला के पास बछड़े का कटा सिर मिलने का मामला सदन में उठा। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि इस जघन्य घटना के आरोपी को सत्ता पक्ष के एक विधायक का संरक्षण प्राप्त है। इस आरोप के बाद सदन का माहौल गरमा गया और भाजपा-कांग्रेस विधायक आमने-सामने आ गए।
‘क्या गाय बनेगी राज्य पशु?’ सवाल से शुरू हुआ विवाद
हंगामे की शुरुआत तब हुई जब हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने सरकार से पूछा कि क्या राजस्थान में गाय को राज्य पशु घोषित करने का कोई प्रस्ताव है। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने स्पष्ट जवाब दिया कि फिलहाल सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। मंत्री के इस जवाब के बाद सदन में राजनीतिक तल्खी बढ़ गई।
जूली का आरोप और सियासी तूफान
इसके बाद टीकाराम जूली ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गौशाला के पास बछड़े का कटा सिर टांगना सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी को भाजपा के एक विधायक का संरक्षण मिल रहा है और इशारों-इशारों में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा का नाम लिया।
गोपाल शर्मा का पलटवार: “दोषी मिला तो इस्तीफा दूंगा”
अपना नाम आने पर गोपाल शर्मा भड़क गए और सदन में खड़े होकर कहा कि यदि इस मामले में उनका कोई व्यक्ति शामिल पाया गया तो वह तुरंत विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे। उनके इस बयान से सत्ता पक्ष में जोश बढ़ा, जबकि विपक्ष ने शोर-शराबा तेज कर दिया।
हाथापाई की नौबत, स्पीकर की सख्ती
स्थिति तब और बिगड़ गई जब गोपाल शर्मा वेल की ओर बढ़े और उनके सामने कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा तथा विधायक अशोक चांदना भी आ गए। माहौल तनावपूर्ण होता देख विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कड़ी फटकार लगाई और कहा कि पोस्टर लहराने से लगता है कि कार्यवाही बाधित करने की पूर्व योजना थी। उन्होंने मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग को हस्तक्षेप कर स्थिति शांत कराने के निर्देश दिए।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज
विपक्ष का आरोप है कि सरकार गौवंश संरक्षण के नाम पर राजनीति करती है, जबकि राजधानी में ही गौवंश सुरक्षित नहीं है। वहीं सत्ता पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







