राजस्थान के डीग जिले में एक युवक के पाकिस्तान से संदिग्ध संपर्कों का खुलासा हुआ है। पहाड़ी थाना क्षेत्र के गांव गंगोरा निवासी कासिम को सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कासिम यूट्यूब चैनलों और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से पाकिस्तान के संपर्क में था और वह एक पाकिस्तानी महिला से नियमित रूप से मोबाइल पर बात करता था।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब देशभर में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध जासूसों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। हाल ही में हरियाणा की महिला यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के पाकिस्तानी कनेक्शन उजागर हुए थे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
मोबाइल पर होती थी बातचीत, युद्ध काल में भी नहीं टूटा संपर्क
सूत्रों के अनुसार, कासिम और पाकिस्तानी महिला के बीच बातचीत उस समय भी जारी रही जब भारत-पाक सीमा पर तनाव चरम पर था। इस बात ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। संदेह जताया जा रहा है कि यह मामला केवल प्रेम-प्रसंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संवेदनशील सूचनाओं के लीक होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सुरक्षा एजेंसियों की रेड, IB करेगी पूछताछ
शुक्रवार शाम को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव गंगोरा में दबिश दी और कासिम को हिरासत में लिया। उसके मोबाइल और अन्य डिवाइस जब्त कर लिए गए हैं। अब कासिम को पूछताछ के लिए जयपुर ले जाया गया है, जहां IB की टीम उससे गहन पूछताछ करेगी।
पाकिस्तान जा चुका है कासिम, करता था नक्काशी का काम
जानकारी में यह भी सामने आया है कि कासिम पेशे से नक्काश (शिल्पकार) है और पहले भी पाकिस्तान जा चुका है। ऐसे में उसकी यात्रा का उद्देश्य, वहां के संपर्क और गतिविधियों की भी गहराई से जांच की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं कासिम किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं।
मेवात क्षेत्र पहले भी रहा है जांच के दायरे में
गौरतलब है कि मेवात क्षेत्र पूर्व में भी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच के दायरे में रहा है। वहां अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़ भी हो चुका है। अब कासिम की गिरफ्तारी ने एक बार फिर इस क्षेत्र में आतंरिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अब कासिम के सोशल मीडिया अकाउंट्स, कॉल डिटेल्स और अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल हिस्ट्री की बारीकी से जांच कर रही हैं। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







