जयपुर : हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड का खुलासा, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाई 7007 गैंग, चार आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब सात साल पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने 7007 नाम से गैंग बनाई और सुनियोजित तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले कैंपर गाड़ी से विजय की कार को टक्कर मारकर रोका और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ हत्या में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली है।

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू, युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी निवासी जोबनेर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी अनीश गोल्या है, जिसने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विजय बाजिया को निशाना बनाया था।

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 में तिबारियां निवासी कैलाश की हत्या हुई थी। विजय बाजिया पर इस हत्याकांड में शामिल होने का आरोप था और वह इस मामले में जेल भी गया था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी शुरू हो गई थी। करीब सात साल से चली आ रही इसी रंजिश के चलते कैलाश के बेटे अनीश ने विजय की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपने तीन अन्य साथियों को साथ लिया और 7007 नाम से गैंग बनाकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।

पहले कैंपर से मारी टक्कर, फिर कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या वाले दिन विजय और अनीश के बीच बहस भी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने विजय को रास्ते से हटाने की योजना को अंजाम देने की तैयारी की। बदमाशों ने पहले कुल्हाड़ी खरीदी और फिर कैंपर गाड़ी से विजय की कार का पीछा करना शुरू कर दिया।

जब विजय अपनी कार से कालवाड़ रोड की तरफ जा रहा था, तब कैंपर सवार आरोपियों ने उसका पीछा किया। खुद को बचाने के लिए विजय ने कार रावण गेट की तरफ दौड़ाई, लेकिन बदमाशों ने कैंपर से उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई और विजय को गाड़ी से बाहर निकलना पड़ा।

पीछा कर घेरा और धारदार हथियारों से किए वार

कार से उतरकर विजय ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने कुछ दूरी तक उसका पीछा किया और उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल विजय को तत्काल कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विजय बाजिया के खिलाफ दर्ज थे 15 आपराधिक मामले

मृतक विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जयपुर के अलग-अलग थानों में हत्या सहित करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment