[the_ad id="102"]

पंजाब में भीषण बाढ़ : 43 की मौत, 3.55 लाख लोग प्रभावित, 1.71 लाख हेक्टेयर फसल तबाह

चंडीगढ़। कश्मीर से आने वाले तेज पानी ने पंजाब में तबाही मचा दी है। सतलुज, ब्यास, रावी और घग्घर नदियों के उफान से राज्य के 23 जिलों में 1902 गांव जलमग्न हो गए हैं। अब तक 43 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 3.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ ने किसानों की 1.71 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को बर्बाद कर दिया है।

सबसे ज्यादा प्रभावित जिले

गुरदासपुर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां 324 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इसके अलावा अमृतसर (135 गांव), होशियारपुर (119 गांव), कपूरथला (115 गांव), फिरोजपुर (76 गांव) और फाजिल्का (72 गांव) में भारी नुकसान हुआ है। बरनाला, मानसा, पटियाला और जालंधर जैसे जिलों में भी खेत, घर और बुनियादी ढांचा बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

मौतें और बचाव कार्य

राज्य सरकार ने पंजाब को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। बरनाला में एक बुजुर्ग दंपति की घर ढहने से मौत हो गई, जबकि पठानकोट में 6 और कई अन्य जिलों में 3-3 लोगों की जान गई।
सेना, वायुसेना, एनडीआरएफ, बीएसएफ और स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटे हैं। अब तक 19,597 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जिनमें गुरदासपुर (5,581) और फिरोजपुर (3,432) सबसे आगे हैं। राज्य में 174 राहत शिविर बनाए गए हैं, जिनमें से 74 सक्रिय हैं।

फसलों को भारी नुकसान

बाढ़ ने 3.75 लाख एकड़ से अधिक धान और अन्य फसलों को डुबो दिया है। अकेले गुरदासपुर में 1 लाख एकड़, अमृतसर में 56,834 एकड़ और मानसा में 42,020 एकड़ फसल बर्बाद हुई है। पशुधन को भी भारी क्षति हुई है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।

अलर्ट और सरकारी कदम

पटियाला के पात्रा में घग्घर नदी के पास स्थित गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को 7 सितंबर तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और केंद्र से मदद की अपील की। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीएम मान से बातचीत कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट

संबंधि‍त ख़बरें

सोना चांदी की कीमत