Sonia Gandhi Autobiography: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में जिंदगी के एक बेहद दर्दनाक अनुभव का खुलासा किया है। उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपने नवजात बेटे की मौत से जुड़े दर्द को विस्तार से साझा किया है। सोनिया गांधी ने बताया कि जनवरी 1969 में समय से करीब दो महीने पहले जन्मे उनके बेटे की कुछ ही समय बाद मौत हो गई थी। इस घटना ने उन्हें और राजीव गांधी को गहरे सदमे में डाल दिया था। अपनी किताब में उन्होंने बेटे के जन्म से लेकर अंतिम विदाई तक की पूरी कहानी बयां की है।
सितंबर 1968 में मिली थी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में बताया कि सितंबर 1968 में जब उन्होंने परिवार को अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी, तब गांधी परिवार में खुशी का माहौल था। इस खबर से इंदिरा गांधी भी बेहद खुश हुई थीं। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने उन्हें गले लगाते हुए कहा था कि एक बड़ा बच्चा दूसरे बच्चे को जन्म देने वाला है। हालांकि, परिवार की यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। 18 जनवरी 1969 को सोनिया गांधी ने समय से करीब दो महीने पहले एक बेटे को जन्म दिया। बच्चा प्रीमैच्योर था और डॉक्टरों ने उसके बचने की संभावना को लेकर पहले ही चिंता जताई थी।
इनक्यूबेटर में बेटे को देखकर भावुक हुए थे राजीव और सोनिया
सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्होंने अपने नवजात बेटे की पहली आवाज सुनी थी, जब उसे इनक्यूबेटर में रखा जा रहा था। बाद में राजीव गांधी उन्हें बच्चे को दिखाने ले गए। सोनिया के अनुसार, बच्चा बेहद छोटा था, लेकिन उसके शरीर का विकास पूरी तरह हो चुका था। उसके घने काले बाल और लंबी-पतली उंगलियां थीं। उन्होंने अपनी किताब में लिखा कि वह और राजीव काफी देर तक बच्चे को देखते रहे। राजीव का हाथ उनके कंधे पर था और दोनों पहली ही नजर में अपने बेटे से प्यार करने लगे थे। लेकिन 18 जनवरी की सुबह करीब 6:30 बजे परिवार को दुखद खबर मिली। डॉक्टरों ने राजीव गांधी को बताया कि नवजात बच्चे की मौत हो गई है। सोनिया ने लिखा कि राजीव ने उन्हें यह खबर दी, जिसके बाद वह बार-बार पूछती रहीं कि ऐसा कैसे हो सकता है। दोनों एक-दूसरे को पकड़कर रोते रहे। राजीव गांधी भी अपने आंसू नहीं रोक पाए थे।
इंदिरा गांधी दौरा छोड़कर अस्पताल पहुंची थीं
सोनिया गांधी ने बताया कि बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद इंदिरा गांधी भी अस्पताल पहुंची थीं। उस समय वह एक दौरे पर थीं, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में छोड़ दिया। अस्पताल पहुंचकर इंदिरा गांधी ने सोनिया और राजीव को गले लगाया। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा की आंखें भी लाल और सूजी हुई थीं। उन्होंने दोनों के साथ काफी समय बिताया और उन्हें सांत्वना दी। हालांकि, उन्हें अपना दौरा पूरा करने के लिए अगले दिन सुबह वहां से जाना पड़ा।
बच्चे को दफनाने का लिया फैसला, मेहरौली के फार्महाउस में दी अंतिम विदाई
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में बेटे के अंतिम संस्कार से जुड़ा एक भावुक प्रसंग भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि बच्चे की मौत के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार को लेकर मुश्किल फैसला था। सोनिया के अनुसार, हिंदू परंपरा में नवजात शिशु के अंतिम संस्कार के लिए आमतौर पर नदी में प्रवाहित करने की परंपरा का पालन किया जाता है। लेकिन वह अपने बच्चे के साथ ऐसा नहीं करना चाहती थीं।
उन्होंने बताया कि ओखला बैराज के पास देखी गई एक पुरानी घटना की याद उनके मन में आ गई थी। वहां उन्होंने नदी में फंसे एक व्यक्ति के शव को देखा था, जिसे कुछ कुत्ते खींचने की कोशिश कर रहे थे। इस घटना ने उन्हें भीतर तक विचलित कर दिया था। सोनिया ने साफ कर दिया कि वह अपने बच्चे को नदी में प्रवाहित नहीं करना चाहतीं। आखिरकार परिवार ने उसे दफनाने का फैसला किया। किताब के मुताबिक, राजीव गांधी और उनके छोटे भाई संजय गांधी ने दिल्ली के मेहरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में बच्चे को दफनाया था। फार्महाउस की अंदरूनी चारदीवारी के पास गुलाबी बोगनविलिया की एक झाड़ी थी। उसी के नीचे नवजात को दफनाया गया। सोनिया ने लिखा कि लंबे समय तक जब भी परिवार उस फार्महाउस जाता था, उस जगह पर एक फूल जरूर रखता था। यह उनके लिए बेटे की यादों से जुड़े रहने का एक भावुक तरीका था।
बेटे की मौत के बाद गहरे सदमे में चली गई थीं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने बताया कि नवजात बेटे को खोने के बाद वह लंबे समय तक गहरे दुख और अवसाद से जूझती रहीं। उन्हें खुद में कमी होने और इस घटना के लिए स्वयं को जिम्मेदार मानने जैसी भावनाएं परेशान करती थीं। इसी दौरान एक दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में प्रकाशित लेख ने उनके दुख को और बढ़ा दिया। लेख का शीर्षक था- ‘इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं।’ सोनिया ने लिखा कि इस टिप्पणी ने उन्हें भीतर तक चोट पहुंचाई। उन्होंने सवाल उठाया कि लोग इतने निर्दयी कैसे हो सकते हैं और आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया था, जिसके कारण उन्हें इस तरह की नफरत का सामना करना पड़ा।
अक्टूबर 1969 में दोबारा गर्भवती हुईं सोनिया
सोनिया गांधी ने बताया कि इस दर्दनाक घटना के करीब नौ महीने बाद अक्टूबर 1969 में उन्होंने राजीव गांधी को अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी। इस बार वह खुश थीं, लेकिन पहले अनुभव के कारण उनके मन में डर और चिंता भी थी।इसके बाद 19 जून 1970 को सोनिया गांधी ने अपने दूसरे बच्चे राहुल गांधी को जन्म दिया। इस तरह नवजात बेटे को खोने के गहरे दुख के बाद गांधी परिवार में एक बार फिर खुशियां लौटीं। सोनिया गांधी की आत्मकथा में शामिल यह प्रसंग उनके निजी जीवन के उस पहलू को सामने लाता है, जिसके बारे में अब तक सार्वजनिक रूप से बहुत कम जानकारी उपलब्ध थी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







