ओसियां में देर रात हंगामा: युवती को ले जाने पहुंचे हमलावरों ने घर पर बोला धावा, दो गंभीर घायल

जोधपुर/ओसियां। जिले के ओसियां थाना क्षेत्र के चेराई गांव स्थित बेरड़ों का बास गुरुवार मध्यरात्रि हिंसक हमले का गवाह बना। आधी रात करीब 2 बजे कुछ युवक एक युवती का अपहरण करने की नीयत से उसके घर पहुंचे और तोड़फोड़ मचाई। मकान में घुसकर हमलावरों ने वाहनों को क्षतिग्रस्त किया और महिलाओं से बदसलूकी तक कर डाली। जवाबी कार्रवाई में ग्रामीणों और हमलावरों के बीच भिड़ंत हो गई, जिसमें कई युवक घायल हुए।

पृष्ठभूमि: पहले भाग चुकी थी युवती

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव की एक युवती को एक युवक अपने साथ भगा ले गया था। बाद में परिजनों ने उसे तलाश कर घर वापस ले आए। इस बात से नाराज युवक गुरुवार देर रात अपने 7–8 साथियों के साथ कई वाहनों में सवार होकर युवती के घर पहुंचा और हमला बोल दिया।

हमले की वारदात

हमलावरों ने मकान में घुसकर ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त किया। महिलाओं को घसीटने और उनसे बदसलूकी करने की कोशिश की। ग्रामीणों के जागने पर हमलावरों ने लोहे की पाइप, सरियों और कुल्हाड़ियों से वार किए। गाड़ियों से खेत की बाड़ और मुख्य गेट तोड़ डाले।

ग्रामीणों का जवाबी हमला

गांववालों ने भी हमलावरों पर पलटवार किया। लाठियों से हमला कर कई युवकों को घायल कर दिया। ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश में एक युवक का पैर कुचल गया, जिससे फ्रैक्चर हो गया। कुल्हाड़ी से हमले में एक अन्य युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसे जोधपुर रेफर किया गया।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

ओसियां थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से परस्पर विरोधी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। युवती के घरवालों का आरोप है कि युवक जबरन लड़की को ले जाने आए और हमला कर दिया। दूसरी ओर हमलावर पक्ष ने आरोप लगाया कि वे एक युवक की पत्नी की तलाश में आए थे और ट्रैक्टर हटाने को लेकर विवाद हुआ।  पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जोधपुर में चल रहा है। घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment