एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि दोनों टीमों पर समान दबाव रहेगा। उनका कहना है कि अगर कोई कहता है कि दबाव नहीं है, तो वह झूठ बोल रहा है।
सलमान आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हम जीत हासिल करेंगे। हमारी कोशिश अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने पर है। अगर हम अपनी योजनाओं पर 40 ओवर तक अमल करने में सफल रहे, तो हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं।”
फोटोशूट विवाद पर कप्तान का बयान
परंपरा के अनुसार फाइनल मुकाबले से पूर्व दोनों टीमों के कप्तानों का संयुक्त फोटोशूट कराया जाता है। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच तल्ख रिश्तों के चलते इस बार यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, “यह पूरी तरह उनका फैसला है कि वे आना चाहते हैं या नहीं। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता।”
“पाकिस्तान ने भारत से ज्यादा गलतियां कीं”
आगा ने यह भी स्वीकार किया कि इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने भारत की तुलना में ज्यादा गलतियां की हैं। उन्होंने कहा, “भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों पर दबाव है। अगर हम कहें कि कोई दबाव नहीं है, तो यह गलत है। हां, हमने उनसे ज्यादा गलतियां की हैं। इसी कारण हम मैच नहीं जीत पाए। फाइनल में जो टीम कम गलती करेगी, वही ट्रॉफी जीतेगी।” एशिया कप का यह फाइनल मुकाबला केवल खिताबी जंग ही नहीं बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच और भावनाओं का भी संगम होगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







