तमिलनाडु करूर रैली में भगदड़ से मचा हाहाकार, 39 की मौत, 95 घायल

तमिलनाडु के करूर में शनिवार को तमिलागा वेत्री कझगम (टीवीके) की एक रैली के दौरान हुई भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को नए आंकड़े जारी किए। इस हादसे में 95 लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य सचिव पी. सेंथिल कुमार ने बताया कि 95 घायलों में से एक को छोड़कर सभी की हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि 51 लोगों का इलाज सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हो रहा है, जबकि 44 अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती हैं।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

तमिलनाडु के एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) एस. डेविडसन देवसिरवथम ने जानकारी दी कि भगदड़ को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।

एसआईटी जांच की मांग

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के वकील जीएस मणि ने टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की मांग की थी। वहीं, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे की जांच के लिए आयोग गठित करने का आदेश दिया है।

जिला प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जिला कलेक्टर ने प्रभावित परिवारों और घायलों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। यह घटना शनिवार को करूर में टीवीके की रैली के दौरान भारी भीड़ के कारण हुई।

केंद्रीय मंत्री ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने एक्स पर लिखा, “तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई त्रासदी में कई लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर से गहरा सदमा लगा है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” इस दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment