एशिया कप 2025: भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता, कप्तान सूर्यकुमार ने पीएम मोदी के पोस्ट पर दी प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 5 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान को लगातार तीनों मैचों में हराया।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खिताब जीतने के बाद कहा कि टीम ने शानदार क्रिकेट खेला और पूरी तरह से इस जीत की हकदार थी। उन्होंने मैच के बाद मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक्स (X) पर किए गए पोस्ट पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

पीएम मोदी ने की टीम इंडिया की सराहना

भारत की जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा था –
“खेल के मैदान पर #ऑपरेशनसिंदूर। नतीजा वही – भारत जीत गया! हमारे क्रिकेटरों को बधाई।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा – “अच्छा लगता है जब देश का नेता खुद फ्रंटफुट पर बल्लेबाजी करता है। ऐसा लगा जैसे उन्होंने स्ट्राइक ली और रन बनाए। जब सर सामने खड़े हों, तो खिलाड़ी खुलकर खेलते हैं।”

पूरा देश मना रहा है जश्न

कप्तान ने आगे कहा कि टीम इंडिया की यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा – “सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पूरा देश जश्न मना रहा है। जब हम भारत लौटेंगे तो और अधिक प्रेरित महसूस करेंगे और कोशिश करेंगे कि आने वाले टूर्नामेंट्स में भी देश को इसी तरह खुशियां दें।”

वीर जवानों और शहीदों के परिवारों के नाम मैच फीस

सूर्यकुमार यादव ने पहले ही घोषणा की थी कि वह टूर्नामेंट से मिलने वाली पूरी मैच फीस भारतीय सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ित परिवारों को दान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए एक छोटी-सी श्रद्धांजलि है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment